
Jamshedpur : मानगो के तुरियाबेड़ा में अंधेरे का फायदा उठाकर तीन युवकों ने एक वृद्ध महिला मंजू देवी के साथ चेन छिनताई की है। युवकों ने घटना को तब अंजाम दिया, जब मंजू देवी शंकोसाई से दवा खरीद कर वापस तुरियाबेड़ा जा रही थीं। रास्ते में तीन युवक मंजू देवी के पास पहुंचे और उन्हें झाड़ी में पटक दिया। मंजू देवी के गले से चेन छीन ली और कान की एक बाली छीन कर तीनों युवक फरार हो गए। मंजू देवी ने बताया कि तीनों युवक पैदल आए थे। युवकों के भागने के बाद मंजू देवी ने शोर मचाया, तो वहां लोगों की भीड़ जुट गई। किसी ने घटना की जानकारी पुलिस को दे दी।
पुलिस मौके पर पहुंची आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। मंजू देवी से घटना के बारे में पुलिस ने जानकारी ली है। पुलिस कर्मियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आरोपियों का पता लगाने का प्रयास शुरू कर दिया गया है। पुलिस यह देख रही है कि जिधर से बदमाश भागे हैं उधर सीसीटीवी लगे हैं या नहीं।
बताया जा रहा है कि इस घटना में मंजू देवी को चोट लग गई है। उनके चेहरे पर चोट लगी है। उन्हें इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया है।
गौरतलब है कि जमशेदपुर में आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। आए दिन चेन छिनतई हो रही है। यही नहीं चोरी और हत्या की वारदातें भी बढ़ गई हैं।

