
रांची : असम के बाढ़ पीड़ितों के लिए झारखंड सरकार ने 3 करोड़ रुपये की सहयोग राशि दी है। सरकार ने मानवीय पहल करते हुए मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता दी है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिश्वा शर्मा को पत्र लिखकर राज्य की ओर से पूर्ण एकजुटता और सहयोग का भरोसा दिलाया है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने पत्र में कहा है कि असम वर्तमान में विनाशकारी बाढ़ के कारण गंभीर संकट का सामना कर रहा है। इसमें जान-माल की भारी क्षति हुई है और हजारों लोग बेघर हुए हैं। इस कठिन समय में असम के लोगों के साथ खड़ा होना हम सभी का नैतिक दायित्व है।
उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार और राज्य के नागरिक बाढ़ प्रभावित लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और राहत एवं पुनर्वास कार्यों में हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसी भावना के तहत राज्य सरकार ने 3 करोड़ रुपये की सहायता देने का निर्णय लिया।
पीड़ितों की सहायता के लिए आगे आने की अपील
मुख्यमंत्री सोरेन ने झारखंड के सक्षम नागरिकों से भी अपील की है कि वे आगे बढ़कर असम के बाढ़ पीड़ितों की सहायता करें। उन्होंने असम के लोगों के साहस और धैर्य की सराहना करते हुए कहा कि इस विपरीत परिस्थिति में भी वे एक-दूसरे का सहारा बन रहे हैं।
पत्र में उन्होंने मां कामाख्या से प्रार्थना की कि असम जल्द ही इस आपदा से उबरकर सामान्य जनजीवन की ओर लौटे। उन्होंने आश्वस्त किया कि झारखंड सरकार आगे भी हर संभव सहयोग के लिए तैयार रहेगी। असम के मुख्यमंत्री ने सहयोग के लिए हेमंत सोरेन का आभार जताया है।

