
Jamshedpur : गोलमुरी बाजार क्षेत्र में लगातार दो दिनों में सामने आई आपराधिक घटनाओं के विरोध में शनिवार को गोलमुरी बाजार बंद रहा। बाजार समिति के शंकर अग्रवाल और सुभाष काले के आह्वान पर बड़ी संख्या में दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई। 24 सितंबर को गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में हथियारबंद अपराधियों द्वारा डकैती और इसके अगले दिन बाजार की एक ज्वेलरी दुकान में चोरी की घटना के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ गया है।
बाजार बंद के दौरान भाजपा गोलमुरी मंडल अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय के नेतृत्व में भाजपा नेता एवं पूर्वी सिंहभूम जिला प्रभारी दिनेश कुमार ने गोलमुरी बाजार का भ्रमण किया। उन्होंने दुकानदारों और व्यापारियों से संवाद कर उनकी समस्याओं, सुरक्षा संबंधी चिंताओं तथा पुलिस गश्त और निगरानी व्यवस्था को लेकर उनकी अपेक्षाओं की जानकारी ली।
व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में नियमित और प्रभावी पुलिस गश्त बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी मजबूत करने तथा आपराधिक घटनाओं में शामिल आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। व्यापारियों का कहना था कि लगातार हो रही घटनाओं से व्यवसायियों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है, बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की जरूरत है।
व्यापारियों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना प्रशासन की प्राथमिकता हो : दिनेश
इस अवसर पर दिनेश कुमार ने कहा कि गोलमुरी जैसे व्यस्त और महत्वपूर्ण बाजार क्षेत्र में लगातार दो दिनों में गंभीर आपराधिक घटनाओं का सामने आना चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीनों में भी चोरी की घटनाओं की शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में व्यापारियों द्वारा बाजार बंद कर अपनी चिंता व्यक्त करना सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उनकी गंभीर चिंता को दर्शाता है।
उन्होंने प्रशासन से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी, बाजार और आसपास के क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने तथा व्यापारियों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
दिनेश कुमार ने कहा कि व्यापारी शहर की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्हें सुरक्षित वातावरण में निर्भय होकर व्यवसाय करने का अवसर मिलना जरूरी है। उन्होंने कहा कि उद्देश्य किसी राजनीतिक विवाद को बढ़ाना नहीं, बल्कि व्यापारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा संबंधी चिंता को सामने लाना और उनके बीच सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि गोलमुरी बाजार में हुई लगातार घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन को अपराध की रोकथाम के लिए तत्काल और दीर्घकालिक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए। बाजार क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल की मौजूदगी, नियमित गश्त, सीसीटीवी निगरानी और संवेदनशील स्थानों की लगातार निगरानी से व्यापारियों और आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत किया जा सकता है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन व्यापारियों की सुरक्षा संबंधी मांगों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोषियों की गिरफ्तारी और क्षेत्र में प्रभावी कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करेगा।
बाजार बंद के दौरान पप्पू उपाध्याय के साथ अप्पा राव, अमिश अग्रवाल, बंटी अग्रवाल, मंजीत सिंह गिल, सुरेंद्र सिंह शिंदे, लक्ष्मण बेहरा, भरत बेहरा, जशवंत सिंह, कमल गुप्ता, मोहम्मद फैयाज, मोहम्मद इकबाल, नौशाद खान, खातिब खान, सन्नी सिंह चौहान, संदीप आईच, श्रीनिवास राव, बलबीर सिंह बबलू, ऋषभ सिंह और रंजीत सिंह समेत अन्य लोग उपस्थित थे।

