Jamshedpur : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित देबुन बागान चौक के पास रविवार देर रात हुई फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। इस घटना में टाटा लाइन निवासी दीपक झा गोली लगने से घायल हो गए। गोली उनके दाहिने पैर में लगी, जिसके बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने इस मामले में एक संदिग्ध हमलावर को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा करा दिया जाएगा।
घायल दीपक झा ने बताया कि वह पहले एक निजी कंपनी में कार्यरत थे और सोमवार को नौकरी के इंटरव्यू के लिए कोलकाता जाने वाले थे। रविवार रात वह मिठाई खरीदने के लिए गोलमुरी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान देबुन बागान चौक के पास कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और फायरिंग शुरू हो गई। इसी दौरान चली एक गोली दीपक के दाहिने पैर में लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद दीपक ने साहस दिखाते हुए अपने एक परिचित को फोन कर मदद मांगी। परिचित के मौके पर पहुंचने के बाद उन्हें तत्काल टीएमएच ले जाया गया। अस्पताल में जांच के दौरान डॉक्टरों ने उनके पैर में गोली लगने की पुष्टि की। फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
उधर, सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा फायरिंग की वजह और इसमें शामिल युवकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
Read also Jamshedpur News: अवैध खनन पर सख्ती, पूर्वी सिंहभूम में 18 मई से 14 जून तक 966 टन अवैध खनिज जब्त

