Jamshedpur : सोनारी थाना क्षेत्र में हुई जानलेवा मारपीट और हथियारबंद हमले के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी प्रिया सिंह उर्फ ‘चटनी डॉन’ को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडे के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी सुबूतों के आधार पर की है।
गौरतलब है कि सोनारी थाना कांड संख्या-49/2026 15 जून को पूजा देवी ने दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके पति ओम प्रकाश सिंह घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार सड़क किनारे खेल रहे बच्चे के बेहद करीब से गुजर गई। बच्चे की सुरक्षा को लेकर आपत्ति जताने पर वाहन चालक पवन यादव और ओम प्रकाश सिंह के बीच विवाद हो गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान कार में मौजूद प्रिया सिंह उर्फ ‘चटनी डॉन’ ने अपने सहयोगियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद हथियारों से लैस कई लोग वहां पहुंचे और वादिनी व उनके परिजनों पर हमला कर दिया। इस हमले में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। पुलिस जांच में प्रिया सिंह की संलिप्तता सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, प्रिया सिंह उर्फ ‘चटनी डॉन’ सोनारी और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय कुख्यात अपराधी है। उसके खिलाफ मारपीट, लूट, छिनतई, रंगदारी, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और एससी-एसटी एक्ट समेत कुल 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस का कहना है कि उसके गिरोह पर स्थानीय व्यवसायियों और ठेकेदारों से रंगदारी वसूलने के आरोप भी लगते रहे हैं। उसके आपराधिक रिकॉर्ड और क्षेत्र में आतंक के कारण जिला प्रशासन ने पूर्व में झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम, 2002 के तहत उसे एक वर्ष के लिए जिला बदर (तड़ीपार) भी किया था।
फिलहाल पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। पूरे मामले की गहन जांच जारी है।
Read Also: Jamshedpur Rail News : बारीगोड़ा और गोविंदपुर आरओबी का टेंडर खुला, मकदमपुर ROB का भी DPR तैयार

