Home » Jharkhand Vidhan Sabha : झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र कल से, जेपीएससी-जेएसएससी विवाद और छात्र आंदोलन पर घमासान के आसार, विपक्ष सरकार को घेरेगा

Jharkhand Vidhan Sabha : झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र कल से, जेपीएससी-जेएसएससी विवाद और छात्र आंदोलन पर घमासान के आसार, विपक्ष सरकार को घेरेगा

by Nikhil Kumar
Jharkhand Vidhansabha Budget Session
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र 6 अगस्त से शुरू होगा। 12 अगस्त तक चलने वाले झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र में कुल पांच कार्य दिवस होंगे। सत्र के पहले दिन राज्यपाल का अभिभाषण होगा। इसके बाद राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव, प्रश्नकाल, शून्यकाल, सरकारी कार्यों के साथ-साथ वित्तीय वर्ष 2026-27 का प्रथम अनुपूरक बजट भी सदन में पेश किए जाने की संभावना है।
इस बार मानसून सत्र में जेपीएससी और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की नियुक्ति परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं का मामला सबसे बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनने के आसार हैं।

विपक्ष ने संकेत दिए हैं कि वह प्रश्नकाल, शून्यकाल और विभिन्न चर्चाओं के दौरान सरकार को भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता, कथित गड़बड़ियों, जांच की प्रगति और दोषियों पर कार्रवाई को लेकर घेरने की रणनीति बना चुका है। राज्यभर में चल रहे छात्र आंदोलन, धरना-प्रदर्शन और विभिन्न छात्र संगठनों की मांगों के कारण यह मुद्दा पहले से ही राजनीतिक रूप से गरमाया हुआ है। विपक्ष का आरोप है कि भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं से लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है, जबकि सरकार का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी, विकास योजनाओं, वित्तीय प्रबंधन, विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली तथा जनहित से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने की संभावना है। वहीं ,सत्र सुचारू रूप से चले इसको लेकर विधानसभा अध्यक्ष भी बुधवार को बैठक करेंगे।

झारखंड विधानसभा मानसून सत्र को लेकर सरकार ने की तैयारी

झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रवक्ता मनोज पांडे ने कहा कि राज्य सरकार सदन में विपक्ष की ओर से उठाए जाने वाले हर सवाल का तथ्यों के साथ जवाब देगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा लोकतांत्रिक व्यवस्था का सबसे महत्वपूर्ण मंच है और सरकार जनता से जुड़े सभी विषयों पर अपनी बात रखने के लिए तैयार है।

कांग्रेस और भाजपा विधायक दल की बैठक आज, जनहित के मुद्दों पर रहेगा जोर

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश कुमार सिन्हा ने कहा कि विधानसभा का उद्देश्य केवल हंगामा करना नहीं, बल्कि जनता के मुद्दों पर गंभीर चर्चा करना है। उन्होंने बताया कि मानसून सत्र से पहले कांग्रेस विधायक दल की बैठक आयोजित की जा रही है। वहीं, पता चला है कि भाजपा की ओर से बैठक की जाएगी।

जेपीएससी समेत कई मुद्दों पर सरकार को घेरेगी भाजपा

भारतीय जनता पार्टी ने संकेत दिए हैं कि मानसून सत्र के दौरान जेपीएससी सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि युवाओं, रोजगार, भर्ती प्रक्रिया और अन्य जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सरकार से जवाब मांगा जाएगा।

रणनीति तय करने में जुटे सत्ता पक्ष और विपक्ष

मानसून सत्र से पहले सभी प्रमुख राजनीतिक दल अपने-अपने विधायकों के साथ बैठक कर रहे हैं। इन बैठकों में सदन में उठाए जाने वाले मुद्दों, सरकार की ओर से दिए जाने वाले जवाब और विपक्ष की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जा रही है।

Read Also- Bokaro Triple Murder : सुबह-सुबह तिहरे हत्याकांड से कांपा बोकारो, कुल्हाड़ी से तीन की हत्या, पुलिस ने आरोपी को दबोचा

Related Articles

Leave a Comment