
रांची : गृह विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल ने झारखंड की राजधानी रांची स्थित मोराबादी मैदान में आयोजित होने वाले आदिवासी महोत्सव 2026 की तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि महोत्सव की सभी तैयारियां समयबद्ध, उच्च गुणवत्ता और बेहतर समन्वय के साथ पूरी की जाएं, ताकि आयोजन राज्य की सांस्कृतिक गरिमा के अनुरूप भव्य एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो। विश्व आदिवासी दिवस का मुख्य कार्यक्रम 9 और 10 अगस्त को आयोजित होगा।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और आगंतुकों की सुविधाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि महोत्सव में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वंदना दादेल ने मंच निर्माण, प्रदर्शनी स्टॉल, पार्किंग व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सभी विभाग और एजेंसियां बेहतर समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि महोत्सव का सफल और व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित हो सके। निरीक्षण के दौरान कल्याण आयुक्त कुलदीप चौधरी, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के विशेष सचिव राजीव लोचन बक्शी, रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री, टीआरआई निदेशक आलोक एस. कच्छप, नगर पुलिस अधीक्षक पारस राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

