Jamshedpur : दक्षिण पूर्व रेलवे की क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (जेडआरयूसीसी) की 106वीं बैठक मंगलवार को कोलकाता के ताज बंगाल होटल में सांसद बिद्युत बरण महतो की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक की शुरुआत दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने सभी सदस्यों का स्वागत कर की। बैठक में विभिन्न क्षेत्रों से आए समिति सदस्यों ने रेल सेवाओं से जुड़ी समस्याएं और सुझाव रखे, जिन पर रेलवे अधिकारियों ने लिखित और मौखिक रूप से जवाब दिया।
चक्रधरपुर मंडल में समय पालन में सुधार पर चर्चा
बैठक में सांसद बिद्युत बरण महतो ने कहा कि चक्रधरपुर रेल मंडल में ट्रेनों के परिचालन और समयपालन की स्थिति पहले की तुलना में बेहतर हुई है, लेकिन इसमें और सुधार की आवश्यकता है। इस पर रेलवे महाप्रबंधक ने भरोसा दिलाया कि समयपालन को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और जल्द ही इसका सकारात्मक परिणाम दिखाई देगा।
बारीगोड़ा और गोविंदपुर आरओबी की प्रक्रिया आगे बढ़ी
सांसद ने बारीगोड़ा और गोविंदपुर रेलवे ओवरब्रिज निर्माण का मुद्दा उठाया। रेलवे प्रबंधन ने बताया कि दोनों परियोजनाओं के लिए निविदाएं जारी की जा चुकी हैं तथा 12 मई 2026 को टेंडर खोले गए हैं। आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
टाटानगर से ट्रेनों के स्थानांतरण की अटकलों पर विराम
बैठक में सांसद ने टाटानगर से खुलने वाली कुछ महत्वपूर्ण ट्रेनों को आदित्यपुर स्थानांतरित किए जाने की चर्चाओं का मुद्दा उठाया। रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि टाटानगर से किसी भी ट्रेन को स्थानांतरित करने का कोई प्रस्ताव नहीं है और वर्तमान में संचालित सभी ट्रेनें यथावत चलती रहेंगी।
सलगाजोड़ी अंडरपास नवंबर तक पूरा होगा
रेलवे प्रबंधन ने बताया कि सलगाजोड़ी अंडरपास का निर्माण कार्य नवंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, टाटानगर रेलवे स्टेशन के सेकेंड एंट्री गेट पर ड्रॉपिंग लाइन की सुविधा स्टेशन अपग्रेडेशन परियोजना के तहत विकसित की जाएगी।
मकदमपुर आरओबी की डीपीआर तैयार
टाटानगर-बदामपहाड़ रेलखंड पर मकदमपुर के पास प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज के संबंध में रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है और जल्द ही इसे स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा।
टाटानगर से नई ट्रेनों की मांग, लेकिन क्षमता बनी बाधा
सांसद महतो ने टाटानगर से नई ट्रेनों के परिचालन तथा कुछ ट्रेनों के विस्तार की मांग उठाई। उन्होंने आनंद विहार-पुरूलिया एक्सप्रेस को टाटानगर तक बढ़ाने, टाटा-काटपाड़ी ट्रेन को तिरुपति और बेंगलुरु तक विस्तारित करने तथा टाटा से पटना के लिए नियमित ट्रेन चलाने का प्रस्ताव रखा।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि टाटानगर स्टेशन पर टर्मिनल और मेंटेनेंस सुविधाएं सीमित होने के कारण फिलहाल नई ट्रेनों की शुरुआत या विस्तार संभव नहीं है। हालांकि, हल्दीपोखर के निकट नए कोचिंग टर्मिनल के निर्माण का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा गया है। इसके लिए अंतिम स्थान सर्वेक्षण (एफएलएस) को 15 अप्रैल 2026 को मंजूरी मिल चुकी है। टर्मिनल बनने के बाद भविष्य में नई ट्रेनों के संचालन और विस्तार का रास्ता खुल सकेगा।
घाटशिला में प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग
बैठक में सांसद ने गीतांजलि एक्सप्रेस, वंदे भारत एक्सप्रेस, संतरागाछी-अजमेर एक्सप्रेस, समलेश्वरी एक्सप्रेस और आजाद हिंद एक्सप्रेस का घाटशिला स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने की मांग भी रखी। रेलवे प्रबंधन ने बताया कि यह विषय रेलवे बोर्ड के अधिकार क्षेत्र में है और प्रस्ताव पहले ही भेजा जा चुका है।
थावे एक्सप्रेस के विस्तार पर भी चर्चा
टाटानगर-थावे एक्सप्रेस को आनंदनगर होते हुए बढ़नी तक विस्तारित करने की मांग पर रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यह मामला उत्तर पूर्व रेलवे के अधीन है और इस संबंध में संबंधित जोन को पत्राचार किया जा चुका है।
बंद लोकल ट्रेनों को फिर शुरू करने की मांग
सांसद महतो ने कोरोना काल में बंद की गई कई लोकल ट्रेनों को दोबारा शुरू करने की मांग भी उठाई। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि इस प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा।
डीएफसी परियोजना और कांद्रा-नामकुम रेललाइन का मुद्दा
बैठक की अध्यक्षता करते हुए सांसद महतो ने दानकुनी-सूरत डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (डीएफसी) परियोजना की शुरुआत के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से दक्षिण पूर्व रेलवे की माल ढुलाई क्षमता बढ़ेगी और यात्रियों को भी राहत मिलेगी।
सांसद ने लंबे समय से लंबित कांद्रा-नामकुम रेललाइन परियोजना का मुद्दा भी उठाया और इसके शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।

