रांची : राजधानी रांची के निवारणपुर इलाके स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रांतीय कार्यालय पर हुए पेट्रोल बम हमले के बाद पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में है। मामले की गंभीरता को देखते हुए झारखंड पुलिस ने इसकी तफ्तीश के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में भी लिया है, जिनसे गुप्त स्थान पर कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
यह पूरी घटना मंगलवार की देर रात की है, जब कुछ शरारती तत्वों ने आरएसएस दफ्तर परिसर को निशाना बनाते हुए पेट्रोल बम फेंके। दफ्तर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में यह पूरी हरकत कैद हो गई है। फुटेज में दो युवक साफ तौर पर कार्यालय की तरफ पेट्रोल बम उछालते हुए नजर आ रहे हैं। राहत की बात यह रही कि फेंके गए दो बमों में से केवल एक ही फटा,दूसरा बेअसर रहा। इस वजह से किसी को कोई चोट नहीं आई और न ही इमारत को कोई बड़ा नुकसान पहुंचा।
जांच में जुटीं कई टीमें
मामला काफी संवेदनशील होने के कारण पुलिस कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। घटनास्थल पर एसआईटी के साथ-साथ डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम को भी तैनात किया गया है। टीम वहां से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस अधिकारी हिरासत में लिए गए लोगों के बयानों और सीसीटीवी फुटेज का मिलान कर रहे हैं, ताकि हमले के पीछे की मुख्य साजिश और असली मंशा का पता लगाया जा सके।
नेताओं ने की DGP से मुलाकात
घटना की खबर फैलते ही भाजपा के कई बड़े नेता हालात का जायजा लेने आरएसएस दफ्तर पहुंचे। इसके बाद नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्य की पुलिस महानिदेशक (DGP) तदाशा मिश्रा से संपर्क कर आरोपियों के खिलाफ सख्त और तुरंत कार्रवाई की मांग की। डीजीपी ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि पुलिस मामले की तह तक पहुंच चुकी है और बहुत जल्द सभी दोषियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

