Jamshedpur : जमशेदपुर के उलीडीह ओपी क्षेत्र में शंकोसाई रोड नंबर-4 स्थित खड़िया बस्ती में पैसों के लेन-देन में हुए देवदास गोप हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।
पैसों के विवाद में देवदास गोप की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्याकांड का खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त देशी पिस्टल, खोखा, थार वाहन समेत कई महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 16 जून की रात करीब 11 बजे एमजीएम थाना को सूचना मिली कि गोली लगने से घायल देवदास गोप इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जानकारी में घटनास्थल स्पष्ट नहीं होने के कारण एमजीएम थाना और उलीडीह ओपी पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों में जांच शुरू की। जांच के दौरान शंकोसाई रोड नंबर-4 स्थित खड़िया बस्ती में फायरिंग की घटना की पुष्टि हुई।
घायल युवक देवदास गोप उर्फ देव (21) था, जो सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के बेटकलसाई गांव का निवासी था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण (प्रभार में नगर) के नेतृत्व में तथा पुलिस उपाधीक्षक पटमदा के निर्देशन में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने वाले नीरज प्रधान और देवाशीष प्रधान को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि नीरज प्रधान के घर पर कुछ युवक बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर नीरज प्रधान ने अपने पास रखी देशी पिस्टल से देवदास गोप को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद आरोपी घायल युवक को एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे और वहां से निकलने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटनास्थल से हथियार और अन्य साक्ष्य बरामद कर लिए।
पुलिस ने इस मामले में नीरज प्रधान (23), देवाशीष प्रधान (21) और शिवा गौडा को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले की आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त 7.62 बोर का एक देशी पिस्टल मैगजीन सहित, एक फायर किया हुआ खोखा, खून के नमूने, शराब की बोतल, डिस्पोजल गिलास, घटना में प्रयुक्त थार वाहन तथा खून से सना शर्ट बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
Read also – Jamshedpur Rail News : बारीगोड़ा और गोविंदपुर आरओबी का टेंडर खुला, मकदमपुर ROB का भी DPR तैयार

