RANCHI: रांची स्थित ड्यूक मेंशन लाइन टैंक रोड कार्यालय में रविवार को झारखंड प्रदेश सीएनजी ऑटो चालक महासंघ और रांची जिला ऑटो चालक यूनियन के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष दिनेश सोनी ने की, जबकि संचालन प्रदेश सचिव रमाशंकर सिंह ने किया। बैठक में ऑटो चालकों की विभिन्न समस्याओं और यात्री हित से जुड़े चार प्रमुख एजेंडों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में ग्लोबल टेंडर मामले को लेकर नगर आयुक्त, अवैध वसूली के मुद्दे पर यातायात एसपी तथा परमिट संबंधी समस्याओं को लेकर परिवहन कमिश्नर को लिखित आवेदन देने का निर्णय लिया गया। महासंघ ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर संबंधित विभागों द्वारा चालक संघ के साथ बैठक कर उचित निर्णय नहीं लिया गया तो महासंघ और यूनियन के पदाधिकारी सीनियर एसपी से मुलाकात कर ऑटो चालकों के ज्वलंत समस्याओं को उठाएंगे।
बैठक में यह भी तय किया गया कि रांची शहर में चलने वाले सभी ऑटो में जल्द ही यात्री हित को ध्यान में रखते हुए भाड़ा चार्ट लगाया जाएगा। इसके लिए विभिन्न रूटों के ऑटो चालक मालिकों से बातचीत कर किराया निर्धारित किया जाएगा, जिससे यात्रियों, विद्यार्थियों और आम लोगों को लाभ मिल सके। बैठक में संरक्षक कमल कुमार रवानी, प्रदेश उपाध्यक्ष रामकुमार सिंह, कोषाध्यक्ष भोला सिंह, संगठन मंत्री अमर मुंडा, जिला अध्यक्ष अर्जुन यादव समेत कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक की जानकारी प्रदेश सचिव आकाश भारती ने दी।

