RANCHI: नई दिल्ली में झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान तेलंगाना सरकार के मंत्री और पूर्व क्रिकेट कप्तान मो अजहरूद्दीन भी मौजूद रहे। बैठक में संगठन की मजबूती, झारखंड की राजनीतिक स्थिति और जनता के बीच सक्रिय रहने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान खड़गे ने डॉ. इरफान अंसारी के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके अंदर जुनून और लगन है, जिसे कभी खत्म नहीं होने देना चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यवस्था बदलने में समय लगता है, लेकिन लगातार मेहनत करने वालों को जनता का समर्थन हमेशा मिलता है। उन्होंने विशेष रूप से रिम्स-2 परियोजना की तारीफ करते हुए कहा कि यह एशिया के सबसे बड़े अस्पतालों में शामिल होगा और इसमें डॉ. इरफान अंसारी की अहम भूमिका रही है।

बैठक में स्वास्थ्य मंत्री ने विभागों के कार्यों एवं उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, दलित, आदिवासी, पिछड़े और अल्पसंख्यक समाज के हित में समर्पण भाव से काम करने का संदेश दिया। इसके अलावा डॉ. इरफान अंसारी ने कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल से भी मुलाकात की। इस दौरान झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था, ग्रामीण क्षेत्रों तक चिकित्सा सुविधाओं की पहुंच और संगठनात्मक गतिविधियों पर लंबी चर्चा हुई। केसी वेणुगोपाल ने कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जनता के लिए किया गया काम ही सबसे बड़ी पहचान बनता है और बिना दबाव के जनता की सेवा करते रहना चाहिए। डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि उनका विश्वास केवल जनता की सेवा, विकास और सकारात्मक राजनीति में है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे झारखंड के विकास और जनता की भलाई के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते रहेंगे।

