
Jamshedpur : जमशेदपुर पुलिस ने बुधवार को टेल्को थाना क्षेत्र में महिला से सोने की चेन छिनतई की घटना का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीनी गई सोने जैसी चेन के दो टुकड़े और घटना में इस्तेमाल की गई चोरी की स्प्लेंडर बाइक भी बरामद की है। वहीं, मामले का दूसरा आरोपी अब भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 7 जुलाई को टेल्को घड़ी पार्क के पास स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन छीन ली थी और मौके से फरार हो गए थे। घटना के बाद टेल्को थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। इसी दौरान हुडको टेस्टिंग यार्ड के पास वाहन जांच के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गोविंदपुर निवासी 25 वर्षीय विक्रम बताया। उसकी तलाशी लेने पर दो टुकड़ों में टूटी हुई सोने जैसी चेन और चोरी की स्प्लेंडर बाइक बरामद हुई। पूछताछ के दौरान विक्रम हो ने अपने साथी रोहित उर्फ रोहन उर्फ चिंडी के साथ मिलकर महिला से चेन छिनतई की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। उसने यह भी बताया कि घटना में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर बाइक उसी दिन सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह से चोरी की गई थी।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार विक्रम हो के खिलाफ पूर्वी सिंहभूम और पश्चिम बंगाल के विभिन्न थानों में चोरी, चेन छिनतई समेत करीब 10 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।

