
Ranchi : कोयला कारोबारी एलबी सिंह के भाई विश्व विजय सिंह और साले रंजीत कुमार सिंह मंगलवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष पूछताछ के लिए उपस्थित नहीं हुए। दोनों ने ईडी को पत्र भेजकर पेश होने के लिए 20-20 दिन का अतिरिक्त समय मांगा है।
विश्व विजय सिंह को 25 अगस्त को, जबकि रंजीत कुमार सिंह को 24 अगस्त को ईडी कार्यालय में उपस्थित होना था। निर्धारित तारीख पर दोनों में से कोई भी ईडी के समक्ष नहीं पहुंचा। इसके बजाय दोनों ने पत्र भेजकर निर्धारित समय पर पेश होने में असमर्थता जताई और पूछताछ के लिए अतिरिक्त समय देने का अनुरोध किया।
बताया जा रहा है कि यह दूसरी बार है जब दोनों ने ईडी से समय मांगा है। इससे पहले विश्व विजय सिंह और रंजीत कुमार सिंह ने एक-एक महीने का समय देने की मांग की थी। हालांकि, ईडी ने उनके आवेदनों पर विचार करते हुए उन्हें एक-एक सप्ताह का अतिरिक्त समय दिया था।
पहली बार समय मांगते हुए दोनों ने परिवार में बीमारी का हवाला दिया था। विश्व विजय सिंह और रंजीत कुमार सिंह ने अपनी मां और भाई की तबीयत खराब होने की बात कहते हुए ईडी के समक्ष पेश होने के लिए समय मांगा था।
अब एक बार फिर निर्धारित अवधि में उपस्थित नहीं होने के बाद दोनों ने 20-20 दिन का अतिरिक्त समय मांगा है। ऐसे में दोनों के नए आवेदन पर ईडी क्या फैसला लेती है, इस पर आगे नजर रहेगी।

