
Ghatshila : बालू उठाव पर रोक के बावजूद अवैध परिवहन की सूचना पर बहरागोड़ा थाना पुलिस ने सोमवार रात कालियाडिंगा चौक के समीप एनएच-18 और एनएच-49 के संगम स्थल पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान पुलिस ने ओडिशा से पश्चिम बंगाल की ओर जा रहे बालू लदे एक हाइवा को जब्त किया।
जांच के दौरान हाइवा चालक बालू से संबंधित कोई वैध कागजात पुलिस के समक्ष प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा ने इसकी सूचना अंचलाधिकारी एवं जिला खनन पदाधिकारी को दे दी है।
बताया जाता है कि ओडिशा से पश्चिम बंगाल में बालू पहुंचने पर इसकी कीमत बढ़ जाती है। इसी का फायदा उठाकर अवैध कारोबारी रात के अंधेरे में बालू के परिवहन का प्रयास करते हैं। वर्तमान में सुवर्णरेखा नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण क्षेत्र में बालू उठाव पर रोक लगी हुई है। इसके बावजूद बालू परिवहन किए जाने की सूचना के बीच पुलिस की कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा है।
पुलिस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी हुई है। खनन विभाग की जांच और कार्रवाई के बाद मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
Read Also: Ghatshila News : टैंकर से टकराई मर्सिडीज, दो लोग बाल-बाल बचे

