Home » Jamshedpur Nikhar Sablok Murder Case : हत्याकांड के खुलासे के लिए 50 से अधिक लोगों से पूछताछ, संदिग्ध महिला पर टिकी पुलिस की नज़र 

Jamshedpur Nikhar Sablok Murder Case : हत्याकांड के खुलासे के लिए 50 से अधिक लोगों से पूछताछ, संदिग्ध महिला पर टिकी पुलिस की नज़र 

Jamshedpur Nikhar Sablok Murder Case : घटना को अंजाम देने के बाद दो गाड़ियां बदल कर बिहार भाग गए थे बदमाश 

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : होटल कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड की जांच में पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। अब तक 50 से अधिक लोगों से पूछताछ की जा चुकी है। घटना के समय होटल में मौजूद एक महिला, सिख व्यक्ति समेत अन्य ग्राहकों तथा निखार के साथ मौजूद लोगों से पुलिस ने घटना से पहले और बाद के पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली है।

जांच में पुलिस को जानकारी मिली है कि हत्या को अंजाम देने वाले दोनों युवक होटल पहुंचने के बाद खाने का ऑर्डर देकर काफी देर तक वहां बैठे रहे। इस दौरान वे निखार सबलोक की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। मौका मिलते ही दोनों ने उन्हें निशाना बनाया।

हत्या के बाद दो बार बदला वाहन, नेपाल भागने की भी चर्चा

पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर दो बार वाहन बदला और बिहार की ओर निकल गए। इसके बाद उनके नेपाल की तरफ जाने की भी सूचना मिली है। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

सूत्रों के अनुसार, हत्याकांड के कथित साजिशकर्ता की पहचान भी पुलिस ने कर ली है। मामले से जुड़े संदिग्धों और कुछ अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब इन लोगों से घटना की पूरी कड़ी को जोड़ने में जुटी हुई है। यदि जांच अपेक्षा के अनुरूप आगे बढ़ी तो गुरुवार को सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर सकती है।

18 पुलिसकर्मियों की टीम कर रही जांच

हत्याकांड की जांच के लिए डीआईजी के निर्देश पर कुल 18 पुलिसकर्मियों की विशेष टीम गठित की गई है। इसमें सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस के साथ जमशेदपुर पुलिस की टीम भी शामिल है। टीम विभिन्न बिंदुओं पर जांच करते हुए संदिग्धों के आपसी संपर्क और हत्या की साजिश से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।

चार दिनों तक की गई थी निखार की रेकी

अब तक की जांच में यह बात सामने आई है कि निखार सबलोक की हत्या की साजिश पहले से तैयार की गई थी। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने करीब चार दिनों तक शहर में रहकर निखार की गतिविधियों और उनके आने-जाने के स्थानों की रेकी की।

पहले उनकी हत्या जमशेदपुर के कदमा स्थित विजया हेरिटेज आवासीय परिसर में करने की योजना बनाई गई थी। लेकिन वहां सुरक्षा गार्ड की मौजूदगी और परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को देखते हुए अपराधियों ने कथित तौर पर अपनी योजना बदल दी।

जांच में यह भी सामने आया है कि रेकी के दौरान अपराधियों को जानकारी मिली कि निखार लगातार तीन दिनों से टेंथ माइल स्टोन आ-जा रहे थे। इसके बाद घटना वाले दिन ही उन्हें टेंथ माइल स्टोन में निशाना बनाने की योजना बनाई गई और वारदात को अंजाम दिया गया।

कारोबारियों में दहशत फैलाने के एंगल से भी जांच

पुलिस जांच में हत्या के पीछे एक और एंगल की भी पड़ताल की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, अखिलेश गैंग से जुड़े अपराधियों द्वारा विक्रम शर्मा की हत्या के बाद कथित तौर पर प्रतिशोध और इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से निखार सबलोक को निशाना बनाया गया। आशंका है कि इस घटना के जरिए कारोबारियों में भय पैदा कर उन्हें धमकाने की कोशिश की गई।

बताया जा रहा है कि निखार सबलोक ने पहले एसएसपी कार्यालय में एक शिकायत भी दी थी। पुलिस अब उस शिकायत और हत्याकांड के बीच किसी संभावित संबंध की भी जांच कर रही है।

हालांकि, हत्या की असली वजह, कथित साजिशकर्ता की भूमिका और आरोपियों की संलिप्तता को लेकर पुलिस ने अभी तक विस्तृत आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की है। मामले में जांच और पूछताछ जारी है।

Read Also: Jamshedpur Tata steel uisl News : 4.18 लाख घरों की जांच, 23 हजार मच्छर प्रजनन स्थल नष्ट

Related Articles

Leave a Comment