
रांची: बैंक कर्मचारियों के संगठन ‘यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस’ (UFBU) ने अपनी पुरानी मांगों को लेकर पूरे देश में हड़ताल पर जाने का फैसला किया है। कर्मचारियों की मुख्य मांग हफ्ते में 5 दिन काम और परफॉर्मेंस आधारित बोनस को लागू करना है। बैंक यूनियनों ने साफ कहा है कि अगर सरकार और बैंक प्रबंधन ने बातचीत के जरिए इसका समाधान नहीं निकाला तो सितंबर के महीने में बैंकिंग सेवाएं पूरी तरह ठप हो जाएंगी।
जानिए कब-कब ठप रहेगा काम
यूनियन के नेताओं एमएल सिंह और मनीष सिंह के मुताबिक आंदोलन दो चरणों में होगा। 11 सितंबर को पहली देशव्यापी हड़ताल होगी। इसके ठीक बाद शनिवार और रविवार की छुट्टी होने से लगातार 3 दिन बैंक बंद रहेंगे।
महीने के अंत में 5 दिन की बंदी
28, 29 और 30 सितंबर को लगातार तीन दिन की हड़ताल बुलाई गई है। इससे ठीक पहले 26 सितंबर को चौथा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार की छुट्टी है। इस वजह से महीने के आखिरी में लगातार 5 दिनों तक बैंकिंग काम पूरी तरह प्रभावित रहेगा।
आम उपभोक्ता पर पड़ेगा सीधा असर
हड़ताल और छुट्टियों के एक साथ आने से आम लोगों को पैसे निकालने, जमा करने और चेक क्लियर करवाने जैसे जरूरी कामों में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। इस हड़ताल को देश की सभी प्रमुख बैंक यूनियनों AIBEA, AIBOC, NCBE आदि का पूरा समर्थन मिला हुआ है।
विरोध प्रदर्शन की शुरुआत 27 अगस्त 2026 से ही की जा रही है। शाम 5:15 बजे रांची के प्रधान टावर स्थित बैंक ऑफ इंडिया के आंचलिक कार्यालय के सामने बैंक कर्मचारी और अधिकारी इकट्ठा होकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
Read Also: Jharkhand High Court: झारखंड हाई कोर्ट का बड़ा फैसला, सिर्फ दहेज ही नहीं बल्कि पैसे या संपत्ति के लिए पत्नी को तंग करना भी क्रूरता

