
Ghatshila : दाहीगोड़ा सर्कस मैदान में चल रहे मीना बाजार में मंगलवार रात लड़कियों से छेड़खानी के विरोध को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विरोध करने पर कुछ युवकों ने मऊभंडार निवासी रंजन गोरीई (40) और उनकी पत्नी वंदना गोरीई (34) के साथ मारपीट कर दी। घटना में दोनों घायल हो गए। दोनों का घाटशिला अनुमंडल अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया गया।
जानकारी के अनुसार, रंजन अपने बच्चों के साथ इलेक्ट्रिक झूले पर सवार थे, जबकि उनकी पत्नी वंदना समेत कुछ महिलाएं नीचे खड़ी थीं। इसी दौरान कुछ युवकों पर लड़कियों से छेड़खानी करने का आरोप लगा। झूले से उतरने के बाद रंजन ने इसका विरोध किया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि एक युवक ने हाथ में पहने कड़े से रंजन के सिर पर हमला कर दिया। घटना में चार-पांच युवकों के शामिल होने की बात सामने आई है।
सिर में चोट, सीटी स्कैन की सलाह
घायल रंजन के सिर में चोट लगी है। घाटशिला अनुमंडल अस्पताल में चिकित्सक डॉ. जुली कुमारी ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सीटी स्कैन कराने की सलाह दी। वहीं, उनकी पत्नी वंदना को भी हल्की चोटें आई हैं। उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
दो युवकों को थाना ले गई पुलिस, बाद में छोड़ा
मारपीट के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने दो युवकों को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस दोनों युवकों को पूछताछ के लिए थाना ले गई। पूछताछ के बाद दोनों को छोड़ दिया गया। मामले में अब तक किसी पक्ष की ओर से थाना में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस की ओर से भी फिलहाल कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।
परिजनों के अनुसार, घटना के दौरान मौके पर काफी विवाद की स्थिति बन गई थी। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से मामला और बढ़ने से बच गया। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।
घाटशिला पुलिस ने प्राथमिकी अभियुक्त को गिरफ्तार कर भेजा जेल
घाटशिला : घाटशिला थाना पुलिस ने बुधवार को थाना कांड संख्या 40/26, दिनांक 6 जुलाई 2026 के प्राथमिकी अभियुक्त सुजन भुईया को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(1)(b) के तहत मामला दर्ज है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुजन भुईया, पिता रंजीत भुईया, निवासी धर्मबहाल लालडीह, थाना घाटशिला, जिला पूर्वी सिंहभूम के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Read Also: Ghatshila News : घाटशिला में मिलादुन्नबी पर निकला जुलूस, जगह-जगह शरबत वितरण और भंडारे का आयोजन

