Jamshedpur : जमशेदपुर पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। गालूडीह थाना क्षेत्र में बीते दिनों हुई हत्या की गुत्थी सुलझा ली गई है। इस मामले में पुलिस ने दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।
पुलिस के अनुसार, 12 जनवरी को गालूडीह थाना क्षेत्र में CSC केंद्र संचालक तारापदो महतो की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही थी। जांच के दौरान पुलिस ने विकास दुबे और अभिषेक कुमार को गिरफ्तार किया है। विकास दुबे उर्फ राहुल दुबे बिरसानगर थाना क्षेत्र के जोन नंबर एक का रहने वाला है। जबकि अभिषेक कुमार उर्फ गोलू उर्फ हैप्पी टेल्को थाना क्षेत्र के खड़ंगाझाड़ का रहने वाला है।
दोनों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि आपसी विवाद इस हत्या का मुख्य कारण था। उन्होंने यह भी कबूल किया कि इससे पहले भी तारापदो महतो की हत्या का प्रयास किया गया था, लेकिन तब वे सफल नहीं हो सके। आखिरकार 12 जनवरी को उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा भी बरामद किया है। इसके अलावा, उनके पास से एक मोटरसाइकिल, खून लगा हुआ छूरा और खोखा भी बरामद किया गया है। दोनों आरोपी एमजीएम थाना क्षेत्र के चांदनी चौक से गिरफ्तार किए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि इस हत्याकांड में और भी लोगों की संलिप्तता सामने आई है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

