
रांची : झारखंड की खेल यात्रा में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। राजधानी रांची पहली बार देश के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंटों में से एक डूरंड कप की मेजबानी के लिए तैयार है। टूर्नामेंट के 26 जुलाई 2026 से शुरू होने की संभावना है। आयोजन की तैयारियों को लेकर सोमवार को पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव मुकेश कुमार की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में डूरंड कप के सफल आयोजन के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएं सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा हुई।
स्टेडियम की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, लॉजिस्टिक प्रबंधन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा दर्शकों को बेहतर अनुभव उपलब्ध कराने से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई। साथ ही विभिन्न विभागों एवं हितधारकों के बीच समन्वय स्थापित कर समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने पर जोर दिया गया।
सचिव मुकेश कुमार ने कहा कि रांची में पहली बार डूरंड कप का आयोजन राज्य में फुटबॉल के विकास और खेल संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। उन्होंने कहा कि इस राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के सफल आयोजन से भविष्य में रांची में अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल मुकाबलों की मेजबानी की संभावनाएं भी मजबूत होंगी और झारखंड बड़े खेल आयोजनों के प्रमुख केंद्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित करेगा।
उन्होंने बताया कि डूरंड कप 2026 का उद्घाटन समारोह खेल, देशभक्ति, भारतीय सेना की गौरवशाली परंपराओं और झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अनूठा संगम होगा। समारोह में भारतीय सशस्त्र बलों के विशेष प्रदर्शन, आर्मी बैंड की प्रस्तुति तथा झारखंड की लोक एवं जनजातीय नृत्य परंपराओं की भव्य झलक देखने को मिलेगी।
बैठक में खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय के निदेशक छवि रंजन, संस्कृति निदेशालय के निदेशक आसिफ एकराम, डूरंड कप के नोडल आर्मी अधिकारी कर्नल हेम चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी हितधारकों ने रांची में आयोजित होने वाले पहले डूरंड कप को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।
Read Also: CBSE 12th Result : झारखंड की बेटी अवनी का कमाल, CBSE 12वीं में पाए पूरे 100% अंक

