
चाईबासा : भारतीय जनता पार्टी पश्चिम सिंहभूम जिला के हाटगम्हरिया मंडल की बैठक मंडल अध्यक्ष ब्रजमोहन चातोम्बा की अध्यक्षता में हाटगम्हरिया बाजार में आयोजित की गई। बैठक में झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई, पूर्व विधायक जवाहरलाल बानरा, प्रताप कटियार महतो और मंडल प्रभारी चंद्र मोहन तियू मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंडल अध्यक्ष ब्रजमोहन चातोम्बा ने कार्यकर्ताओं का स्वागत किया और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए उनकी तैयारी को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पंचायतों और बूथों को मजबूत करना भाजपा कार्यकर्ताओं की प्राथमिकता
पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी समय में मंडल के सभी पंचायतों और बूथों को मजबूत करना भाजपा कार्यकर्ताओं की प्राथमिकता होनी चाहिए। प्रत्येक पंचायत और बूथ में नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने के साथ पुराने कार्यकर्ताओं से संवाद कर उनका मार्गदर्शन लेना जरूरी है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य ऐसा हो कि कार्यकर्ता जुटें, लेकिन कोई कार्यकर्ता छूटे नहीं।
उन्होंने कहा कि पंचायत और गांवों में होने वाली बैठकों के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाए। केंद्र सरकार किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीबों के लिए कई योजनाएं चला रही है। इन योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को गांव-गांव जाकर लोगों को जानकारी देनी चाहिए।
बड़कुंवर गागराई ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। प्रखंड से लेकर जिला स्तर तक भ्रष्टाचार का बोलबाला है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को जनता के बीच पूर्व की भाजपा सरकार के दौरान हुए विकास कार्यों और वर्तमान स्थिति की जानकारी भी रखनी चाहिए। हाटगम्हरिया की समस्याओं को लेकर पार्टी को आगे बड़ा आंदोलन करने की जरूरत है। उन्होंने छात्रों से जुड़े मुद्दे पर भी राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि छात्रों के मामले में सरकार की नीतियों में विरोधाभास दिखाई दे रहा है। छात्रों द्वारा न्याय की मांग को लेकर आंदोलन किए जाने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि जनता और छात्रों के अधिकारों की आवाज को लोकतांत्रिक तरीके से उठाना जरूरी है।
राज्य सरकार के पास स्पष्ट नीति और दूर दृष्टि का अभाव : जवाहरलाल बानरा
पूर्व विधायक जवाहरलाल बानरा ने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की तुलना में राज्य सरकार अपनी योजनाओं को आगे बढ़ाने में लगी है, लेकिन उसके पास स्पष्ट नीति और दूर दृष्टि का अभाव है। उन्होंने कहा कि लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है और अबुआ आवास योजना का कार्य भी पूरी तरह पूरा नहीं हो रहा है। केंद्र सरकार किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए कई योजनाएं चला रही है। राज्य सरकार सहयोग करे तो प्रदेश की कई समस्याओं का समाधान हो सकता है।
विशेष गहन पुनरीक्षण के चल रहे कार्य पर भी चर्चा
बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण के चल रहे कार्य पर भी चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं से इस प्रक्रिया में सहयोग करने और लोगों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की गई।
प्रताप कटियार महतो और चंद्र मोहन तियू ने भी बैठक को संबोधित किया। बैठक में कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में पेयजल की समस्या उठाई। इस पर बड़कुंवर गागराई ने कहा कि वर्ष 2018-19 से चल रही केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना का कार्य अभी तक पूरा नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लोग आज भी लाल और गंदा पानी पीने को विवश हैं। इस समस्या को लेकर संबंधित विभाग से जल्द चर्चा की जाएगी।
बैठक में दुर्गावती बोयपाई, अभिजीत गागराई, सुमन गागराई, खुशबू हेंब्रम, देवेंद्र दास, देवेंद्र कुम्हार, शत्रुघ्न हेंब्रम, रानी बिरूवा, धन सिंह पाठ पिंगुआ, रविंद्र दास, कृष्ण गागराई, सुनीता सिंकु, रवि, सिकंदर जारिका, संग्राम जारिका, मंगल सिंह हेंब्रम समेत अनेक भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
Read Also West Singhbhum News : CEIR पोर्टल से चाईबासा पुलिस को बड़ी सफलता, 33 मोबाइल बरामद

