
Lohardaga : मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत लोहरदगा जिले में अधिकांश पात्र महिलाओं के बैंक खातों में योजना की राशि भेज दी गई है। हालांकि, सत्यापन प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण अब भी 7,426 महिलाओं को योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। जिला प्रशासन ने सभी लंबित लाभुकों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपने संबंधित प्रखंड कार्यालय पहुंचकर आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कराएं, ताकि उनके बैंक खातों में लंबित राशि हस्तांतरित की जा सके।
जिले में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के कुल 94,428 लाभुक पंजीकृत हैं। इनमें से 87,002 महिलाओं के बैंक खातों में सफलतापूर्वक योजना की राशि भेजी जा चुकी है। जबकि 7,426 लाभुकों का सत्यापन अधूरा होने के कारण भुगतान फिलहाल रोक दिया गया है।
प्रशासन के अनुसार कई मामलों में आधार कार्ड, बैंक खाते की जानकारी, ई-केवाईसी और अन्य जरूरी दस्तावेजों का सत्यापन पूरा नहीं हो सका है। इसी वजह से संबंधित लाभुकों के खातों में योजना की राशि ट्रांसफर नहीं की गई है। अधिकारियों का कहना है कि सत्यापन पूरा होते ही पात्र महिलाओं के खातों में लंबित राशि भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद महिलाओं को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है। इसलिए यह जरूरी है कि सभी पात्र लाभुक समय पर अपना सत्यापन पूरा कराएं, ताकि किसी भी महिला को योजना के लाभ से वंचित न रहना पड़े।
प्रखंड कार्यालय में कराएं दस्तावेजों का सत्यापन
जिन महिलाओं का नाम लाभुक सूची में शामिल है लेकिन अब तक उनके खाते में योजना की राशि नहीं पहुंची है, उन्हें अपने संबंधित प्रखंड कार्यालय में जाकर आधार, बैंक पासबुक, ई-केवाईसी सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच एवं सत्यापन कराना होगा।
संबंधित विभाग ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ) को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया है। इसके लिए सभी प्रखंडों में विशेष सत्यापन अभियान भी चलाया जा रहा है, ताकि पात्र महिलाओं को जल्द से जल्द योजना का लाभ मिल सके।

