Home » Lohardaga News: लोहरदगा के कुडू में मालवाहक टेंपो से हो रही थी अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी, दो तस्कर गिरफ्तार

Lohardaga News: लोहरदगा के कुडू में मालवाहक टेंपो से हो रही थी अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी, दो तस्कर गिरफ्तार

दो मालवाहक टेंपो से अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी का हुआ खुलासा, स्प्रिट, अवैध शराब, स्टीकर, ढक्कन व नकली शराब बनाने के उपकरण बरामद

by Mujtaba Haider Rizvi
Lohardaga Illegal Liquor Smuggling
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Lohardaga : जिले में अंग्रेजी शराब के अवैध कारोबार पर लोहरदगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुडू-चांपी मार्ग से दो मालवाहक टेंपो में ले जाई जा रही शराब और उसके निर्माण में प्रयुक्त सामग्री जब्त की है। इस कार्रवाई के दौरान कुडू थाना पुलिस की टीम ने दोनों वाहनों को जब्त करते हुए दो आरोपितों को भी गिरफ्तार किया है। मामले में कुडू थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच के साथ आगे की कार्रवाई प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। बताया गया कि लोहरदगा के पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी को रविवार शाम गुप्त सूचना मिली थी कि कुडू-चांपी मार्ग से दो वाहनों में अवैध शराब की तस्करी की जा रही है।

इस सूचना का सत्यापन के बाद एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। जिसमें एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा के साथ किस्को अंचल के इंस्पेक्टर चंद्रशेखर आजाद, कुडू थाना प्रभारी अजीत कुमार और कुडू थाना के सशस्त्र बल शामिल थे। गठित पुलिस टीम ने कुडू-चांपी मार्ग स्थित टिको मोड़ के समीप वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान कुडू की ओर से आ रहे दो नीले रंग के मालवाहक टेंपो को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर दोनों मालवाहक टेंपो के चालक वाहन को बीच सड़क पर छोड़कर भागने लगे, लेकिन पुलिस बल ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। जिसके बाद गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रांची जिले के रातू थाना क्षेत्र के कमड़े निवासी टेंपो संख्या जेएच01जीआर-0243 के चालक 21 वर्षीय सुधीर कुमार साहु तथा लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र के विश्रामगढ़ निवासी टेंपो संख्या जेएच08के-8731 के चालक 20 वर्षीय प्रकाश लोहरा के रूप में हुई।

तलाशी में मिला अवैध शराब बनाने का पूरा सामान

मालवाहक टेंपो की तलाशी लेने पर 20 लीटर क्षमता वाले 16 जार में भरी अवैध अंग्रेजी शराब, करीब 25 लीटर संदिग्ध कॉफी रंग का तरल पदार्थ, स्प्रिट से भरे डिब्बे, तीन टुल्लू पंप, दो मशीन, रॉयल चैलेंज ब्रांड के कार्टन, विभिन्न ब्रांड की शराब की बोतलें, बड़ी संख्या में नकली स्टीकर, आरसी लिखे ढक्कन और बारकोड स्टीकर बरामद किया गया। कुडू थाना पुलिस के अनुसार बरामद सामग्री का उपयोग नकली अंग्रेजी शराब तैयार कर उसे ब्रांडेड शराब के रूप में बाजार में खपाने के लिए किया जा रहा था।

कुडू थाना में इन धाराओं में दर्ज हुई प्राथमिकी

इस मामले में कुडू थाना कांड संख्या 64/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 292, 274, 338 तथा उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज किया गया है। कुडू थाना पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और यह पता लगाया जा रहा है कि अवैध शराब की आपूर्ति किन क्षेत्रों में की जानी थी।

Read Also: Lohardaga Rail News : लोहरदगा में RPF ने बचाई नाबालिग की जान, आत्महत्या के प्रयास के बाद परिजनों से कराया सुरक्षित मिलान

Related Articles

Leave a Comment