
रांची : झारखंड में ड्राइविंग और लर्निंग लाइसेंस से संबंधित कुल 3,744 आवेदन लंबित हैं। इनमें ड्राइविंग लाइसेंस के 2,410 और लर्निंग लाइसेंस के 1,334 आवेदन शामिल हैं। लंबित आवेदनों को देखते हुए परिवहन विभाग ने सभी जिला परिवहन पदाधिकारियों को अभियान चलाकर इनका शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया है।
सारथी पोर्टल पर लंबित आवेदनों की स्थिति की समीक्षा के दौरान यह आंकड़ा सामने आया। इसके बाद विभागीय सचिव ने सभी जिला परिवहन पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि ड्राइविंग लाइसेंस और लर्निंग लाइसेंस से संबंधित सभी लंबित आवेदनों का अभियान चलाकर निष्पादन किया जाए। अधिकारियों को लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने और यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि आवेदन अनावश्यक रूप से लंबे समय तक लंबित नहीं रहें।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि लंबित आवेदनों का निष्पादन पूरा होने के बाद संबंधित जिला परिवहन पदाधिकारी को प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराना होगा। इसमें यह प्रमाणित करना होगा कि उनके जिले में निर्धारित अवधि यानी दो से छह माह से अधिक समय से कोई आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित नहीं है।
जिला परिवहन पदाधिकारियों को अपने-अपने जिले में लंबित आवेदनों की स्थिति की नियमित निगरानी करने और अभियान के माध्यम से पुराने मामलों को प्राथमिकता से निपटाने को कहा गया है। विभाग स्तर से भी सारथी पोर्टल पर लंबित मामलों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
लाइसेंस से संबंधित आवेदनों के समय पर निष्पादन नहीं होने से आवेदकों को होने वाली परेशानी को देखते हुए विभाग ने इस काम में तेजी लाने पर जोर दिया है। अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि जिन आवेदनों में सभी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उन्हें अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और निर्धारित प्रक्रिया के तहत उनका शीघ्र निपटारा किया जाए।


