
चाईबासा : मनोहरपुर से बड़ाजामदा और किरीबुरू को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर छोटानागरा पंचायत के तितलीघाट गांव के पास पुल का एक बड़ा हिस्सा टूट गया है। पुल के बीचों-बीच बड़ा गड्ढा बन जाने से वाहनों की आवाजाही में भारी परेशानी हो रही है और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
यह मार्ग सारंडा क्षेत्र को झारखंड के अन्य हिस्सों के साथ ओड़िशा के बड़बिल और राउरकेला जैसे औद्योगिक शहरों से जोड़ता है। प्रतिदिन इस सड़क से सैकड़ों भारी मालवाहक ट्रक, यात्री बसें और छोटे वाहन गुजरते हैं। ऐसे में पुल का क्षतिग्रस्त होना गंभीर चिंता का विषय बन गया है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि लगातार भारी वाहनों के आवागमन के कारण टूटा हुआ हिस्सा धीरे-धीरे और बड़ा होता जा रहा है। रात के समय खतरा और अधिक बढ़ जाता है, क्योंकि गड्ढा दूर से दिखाई नहीं देता।
पुल टूटने से मरम्मत की गुणवत्ता पर उठे सवाल
ग्रामीणों के अनुसार कुछ वर्ष पहले भी इसी स्थान पर पुल क्षतिग्रस्त हुआ था और तब मरम्मत कराई गई थी। अब दोबारा उसी जगह पर पुल टूटने से मरम्मत की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि केवल ऊपर-ऊपर से मरम्मत करने से काम नहीं चलेगा, बल्कि पूरी संरचना की तकनीकी जांच जरूरी है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और पथ निर्माण विभाग से पुल निर्माण की मांग की
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और पथ निर्माण विभाग से मांग की है कि तत्काल पुल का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त हिस्से के चारों ओर बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा व्यवस्था की जाए और जल्द से जल्द स्थायी व गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराई जाए। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो पुल पूरी तरह टूट सकता है और आवागमन पूरी तरह ठप हो जाएगा।
Read Also Chaibasa News : नशा और गलत संगत से बच्चों को बचाने को लेकर बिरसानगर में ग्रामीणों की विशेष बैठक


