Home » Jamshedpur Rahul Murder Case : मानगो के राहुल हत्याकांड के आरोपियों ने पुलिस के सामने किया सरेंडर, चल रही पूछताछ

Jamshedpur Rahul Murder Case : मानगो के राहुल हत्याकांड के आरोपियों ने पुलिस के सामने किया सरेंडर, चल रही पूछताछ

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग को लेकर हुए चर्चित राहुल बच्चा हत्याकांड में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। बुधवार देर रात वारदात में नामजद आरोपियों ने पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है। सरेंडर करने वालों में सौरभ दत्ता भी शामिल है, जिसने पूछताछ में राहुल बच्चा पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस अब उसके दावों की भी जांच कर रही है।

सरेआम गोली मारकर की गई थी हत्या

बुधवार शाम मानगो थाना क्षेत्र के डिमना रोड स्थित मुंशी मोहल्ला के पास अपराधियों ने राहुल बच्चा की गोली मार और पत्थरों से कूच  कर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। गंभीर रूप से घायल राहुल को तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

 सौरभ दत्ता ने राहुल पर लगाए गंभीर आरोप

पुलिस के सामने सरेंडर करने वाले सौरभ दत्ता ने पूछताछ में दावा किया कि राहुल बच्चा इलाके का “डॉन” बनना चाहता था। उसका आरोप है कि राहुल पहले उस पर जानलेवा हमला करने की कोशिश कर चुका था। सौरभ ने यह भी कहा कि राहुल ने उसके स्कूल जाने वाले बच्चे के अपहरण की धमकी भी दी थी। फिलहाल पुलिस इन सभी आरोपों की सत्यता की जांच कर रही है।

 टीएमएच में हंगामा, युवती को भी भगाया

राहुल की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजन और बड़ी संख्या में समर्थक टीएमएच पहुंच गए। अस्पताल परिसर में काफी देर तक हंगामा होता रहा, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था बढ़ानी पड़ी।

इसी दौरान चर्चा का विषय बनी वह युवती भी टीएमएच पहुंची, जिसे इस पूरे विवाद का केंद्र बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अस्पताल में मौजूद राहुल के दोस्तों ने युवती को फटकार लगाते हुए वहां से वापस भेज दिया। यह घटना अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही।

प्रेम प्रसंग को लेकर लंबे समय से था विवाद

मृतक के साथी राजेश दुबे के अनुसार, राहुल बच्चा और शंकोसाई रोड नंबर-5 निवासी साहब सिंह सब्बे एक ही युवती से प्रेम करते थे। युवती मानगो के टीचर्स कॉलोनी की रहने वाली बताई जा रही है। दोनों के बीच उसे लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था।

राजेश का आरोप है कि साहब सिंह सब्बे लगातार राहुल को युवती से दूर रहने की चेतावनी देता था। इसी रंजिश में बुधवार शाम वह अपने साथियों के साथ मुंशी मोहल्ला पहुंचा और राहुल पर गोली चला दी। आरोप है कि गोली मारने के बाद उसके साथियों ने डंडों और पत्थरों से भी हमला किया।

 पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच

पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। सरेंडर करने वाले आरोपियों से पूछताछ के साथ-साथ घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग, पुरानी रंजिश और अन्य संभावित कारणों सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Comment