
Jamshedpur : बिरसानगर स्थित प्रगति सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में सोमवार को विद्यालय के वरिष्ठ आचार्य अंजय कुमार मोदी के सफल एवं समर्पित कार्यकाल के पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भावपूर्ण स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। आत्मीयता, सम्मान और सौहार्द से भरे वातावरण में आयोजित समारोह में विद्यालय परिवार ने उनके योगदान को स्मरण करते हुए भावभीनी विदाई दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के उपाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह, जमशेदपुर विभाग के विभाग प्रमुख तुलसी ठाकुर, प्रांतीय समिति सदस्य एवं बागबेड़ा विद्यालय के सचिव अरविन्द कुमार सिंह, शास्त्री नगर विद्यालय के सचिव अरुण कुमार सिंह, बागबेड़ा संकुल प्रमुख सह प्रधानाचार्य रंजय कुमार राय, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नगर कार्यवाह वी. जयशंकर राव, विद्यालय के प्रधानाचार्य अभिलाष गिरि तथा आचार्य अंजय कुमार मोदी ने दीप प्रज्वलित कर किया। प्रधानाचार्य ने अतिथियों का परिचय कराया।
समारोह को संबोधित करते हुए आचार्या सुमन लकड़ा एवं प्रधानाचार्य अभिलाष गिरि ने अंजय कुमार मोदी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि उनके कार्यों में सदैव संयम, धैर्य, कर्तव्यनिष्ठा, रचनात्मकता और समर्पण की भावना दिखाई दी। विज्ञान विषय के कुशल शिक्षक होने के साथ-साथ साहित्य, मंच संचालन, सृजनात्मक कार्यों और विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों में उनकी सक्रिय भूमिका रही।
वक्ताओं ने कहा कि विद्यालय के विकास में अंजय मोदी का योगदान केवल कक्षा-कक्ष तक सीमित नहीं रहा। विद्यालय के मुख्य द्वार, बागवानी, मंच सज्जा सहित विभिन्न रचनात्मक कार्यों में उनकी कार्यकुशलता और सौंदर्यबोध की स्पष्ट छाप दिखाई देती है। उन्होंने प्रत्येक जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और आत्मीयता से निभाया।
विद्यालय परिवार की ओर से अंजय कुमार मोदी को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं श्रीरामचरितमानस ग्रंथ भेंट कर सम्मानित किया गया। अपने भावपूर्ण संबोधन में मोदी ने विद्यालय परिवार के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यहां मिला स्नेह, सहयोग, सम्मान और आत्मीयता उनके जीवन की अमूल्य धरोहर रहेगी। विद्यालय परिवार के साथ बिताया प्रत्येक क्षण उनके लिए सदैव स्मरणीय रहेगा।
इस अवसर पर वी. जयशंकर राव एवं तुलसी ठाकुर ने भी उनके कार्यकाल को स्मरण करते हुए मधुर व्यवहार, सरलता, संयम और कर्तव्यनिष्ठा की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मोदी विज्ञान के कुशल शिक्षक के साथ साहित्यप्रेमी, प्रभावी मंच संचालक और बहुमुखी प्रतिभा के धनी हैं। उनकी सहज मुस्कान और मधुर वाणी विद्यालय परिवार के बीच हमेशा आत्मीयता का भाव जगाती रही है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का मंच और परिसर लंबे समय तक उनकी स्मृतियों को जीवंत रखेगा।
समारोह के अंत में विद्यालय के उपाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ने भी उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन भारती दीदी तथा धन्यवाद ज्ञापन निभा दीदी ने किया। वंदे मातरम् के साथ समारोह का समापन हुआ।

