Home » Dhanbad News: यूजीसी कानून और आरक्षण में सुधार की मांग को लेकर धनबाद में उमड़ा जनसैलाब, रणधीर वर्मा चौक पर दो रैलियों का महासंगम

Dhanbad News: यूजीसी कानून और आरक्षण में सुधार की मांग को लेकर धनबाद में उमड़ा जनसैलाब, रणधीर वर्मा चौक पर दो रैलियों का महासंगम

जिला परिषद मैदान और सिटी सेंटर से निकलीं अलग-अलग रैलियां, बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में छात्र, युवा और सवर्ण समाज के लोग हुए शामिल

by Mujtaba Haider Rizvi
Dhanbad UGC Law Protest
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Dhanbad : यूजीसी कानून को वापस लेने और आरक्षण व्यवस्था में आर्थिक आधार पर सुधार की मांग को लेकर मंगलवार को धनबाद में जोरदार प्रदर्शन हुआ। सवर्ण समाज और छात्र-युवा संगठनों के आह्वान पर शहर के दो अलग-अलग स्थानों से निकली विशाल रैलियां रणधीर वर्मा चौक पर पहुंचकर एकजुट हुईं। यहां प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।

पहली रैली जिला परिषद मैदान से निकाली गई। राजपूत विचार मंच, ब्राह्मण समाज और कायस्थ समाज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस जुलूस का नेतृत्व मंच के केंद्रीय अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह, महासचिव एसके सिंह और समाजसेवी विजय झा ने किया। रैली में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और यूजीसी कानून के विरोध के साथ आरक्षण व्यवस्था में बदलाव की मांग की।

वहीं, दूसरी रैली सिटी सेंटर से अटल अभियान चीते और छात्र-युवा संगठनों के बैनर तले निकली। इसका नेतृत्व डा. पीयूष पुष्कर सिंह और राहुल सिंह ने किया। रिजर्वेशन रिफार्म आंदोलन के तहत निकाली गई इस पदयात्रा में छात्र, युवा और प्रबुद्ध नागरिक हाथों में विभिन्न मांगों से जुड़ी तख्तियां लेकर शामिल हुए। बारिश के बावजूद प्रदर्शनकारियों का उत्साह कम नहीं हुआ और वे नारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे।

रणधीर वर्मा चौक पर दोनों रैलियां हुईं एकजुट

सिटी सेंटर से निकली रैली जिला परिषद मैदान मार्ग से होते हुए रणधीर वर्मा चौक पहुंची। दूसरी ओर जिला परिषद मैदान से निकला जुलूस भी इसी चौक पर पहुंचा। दोनों रैलियों के एक साथ मिलने के बाद रणधीर वर्मा चौक पर प्रदर्शनकारियों की बड़ी भीड़ जुट गई। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने ‘आरक्षण का आधार आर्थिक हो’, ‘हर वर्ग को न्याय मिले’, ‘समानता, न्याय और अवसर यही हमारा अधिकार’, ‘योग्यता को मिले सम्मान’, ‘बंद करो जाति का भेदभाव’ और ‘यूजीसी का काला कानून वापस लो’ जैसे नारे लगाए।

सभा को संबोधित करते हुए अरुण कुमार सिंह ने कहा कि वर्तमान यूजीसी कानून युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि आरक्षण का लाभ आर्थिक रूप से पिछड़े जरूरतमंद लोगों को मिलना चाहिए। वहीं विजय झा, सुरेश तिवारी और राहुल सिंह ने कहा कि यदि सरकार ने यूजीसी कानून वापस लेने और आरक्षण व्यवस्था में सुधार की दिशा में जल्द कदम नहीं उठाया तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से और तेज किया जाएगा।

प्रदर्शन के अंत में दोनों रैलियों के प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम सौंपा। प्रदर्शन में नागेंद्र शुक्ला, तारा पाठक, मनोज श्रीवास्तव, उमेश सिंह, डा. नीलेश, विशु सिंह, गजेंद्र सिंह, शशि भूषण सिंह, मुकेश सिंह, महिप सिंह, लल्लू सिंह, प्रमोद सिंह, नवल राय, सुकुमार झा, संदीप कुमार, विवेक सिंदे समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

 Read Also: Dhanbad News : 500 करोड़ की अचल संपत्ति और 160 करोड़ के म्यूचुअल फंड का मामला, धनबाद कारोबारी एलबी सिंह की पत्नी से ED की पूछताछ

Related Articles

Leave a Comment