
चाईबासा : झारखंड में पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर प्रखंड के चेलाबेड़ा गांव में मंगलवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। चेलाबेड़ा प्राथमिक विद्यालय के समीप वर्षों पुराना सूखा विशाल पीपल का पेड़ अचानक भरभराकर एक ट्रैक्टर के ऊपर गिर पड़ा। घटना के समय ट्रैक्टर पर कोई नहीं था और स्कूल में बच्चे नहीं थे, जिससे जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। पेड़ गिरते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जाता है कि यह पीपल का पेड़ लंबे समय से सूखा हुआ था और पूरी तरह जर्जर हो चुका था। पेड़ के ठीक पास में प्राथमिक विद्यालय, मुख्य चौक और गांव का मुख्य आवागमन मार्ग है। रोजाना बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, शिक्षक और ग्रामीण इसी रास्ते से गुजरते हैं, इसलिए इसकी जर्जर स्थिति को लेकर ग्रामीण पहले से ही चिंतित थे।
ग्रामीणों का आरोप है कि पेड़ के खतरे को लेकर पहले ही चेलाबेड़ा प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक को सूचना दी गई थी और शिक्षक द्वारा वन विभाग को भी अवगत कराया गया था, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं हुई। सोमवार को पेड़ अचानक गिर गया।
पेड़ गिरने से सड़क पूरी तरह बंद हो गई। इसके बाद ग्रामीणों ने खुद मोर्चा संभाला और कटर मशीन मंगाकर पेड़ को टुकड़ों में काटकर सड़क से हटाया, तब जाकर आवागमन बहाल हो सका। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली।
जर्जर स्कूल भवन से बच्चों को खतरा
इस घटना ने चेलाबेड़ा प्राथमिक विद्यालय की बदहाल स्थिति को भी उजागर कर दिया है। ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय भवन का छज्जा कई जगह टूट चुका है, सरिया बाहर निकल आई है। बारिश में छत से पानी टपकता है और रसोईघर में भी पानी घुस जाता है। बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावक चिंतित हैं।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से मांग की है कि विद्यालय भवन की तुरंत मरम्मत कराई जाए और क्षेत्र में मौजूद सभी सूखे, जर्जर पेड़ों का सर्वे कर उन्हें हटाया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी अनहोनी से बचा जा सके।
Read Also Chaibasa News : अवैध हथियार व चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ाए आरोपी को तीन साल की सजा

