
Dumka : बकरी पालन योजना में निवेश कर कम समय में बेहतर रिटर्न दिलाने का झांसा देकर सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय की सहायक प्रोफेसर डा. अंजुला मुर्मू समेत करीब दो दर्जन लोगों से लगभग 1.37 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। इस मामले में प्रोफेसर के बयान पर विश्वविद्यालय ओपी थाना की पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ ठगी और ब्लैकमेलिंग का मामला दर्ज किया है।
प्राथमिकी के अनुसार, दिसंबर 2025 में बिहार के नवादा निवासी विनोद कुमार सिंह, रंजीत शर्मा, मनीष कुमार सिंह और विवेक कुमार ने रियल वर्ल्ड एसेस्टस नामक कंपनी की बकरी पालन परियोजना में निवेश का प्रस्ताव दिया था। आरोपितों ने अलग-अलग पैकेज में निवेश पर आकर्षक रिटर्न देने का दावा किया। पहले पैकेज में पांच प्रतिशत और दूसरे पैकेज में 75 प्रतिशत तक रिटर्न का भरोसा दिलाया गया। साथ ही आठ माह में निवेश की राशि दोगुनी करने का भी आश्वासन दिया गया।
बताया गया कि निवेशकों से एक हजार रुपये से लेकर 15 लाख रुपये तक की राशि जमा कराई गई। इसके बाद कई लोगों की अलग-अलग आइडी बनाकर उन्हें निवेश के लिए प्रेरित किया गया। प्रोफेसर का आरोप है कि आरोपितों ने उनकी सामाजिक छवि और समुदाय में प्रतिष्ठा का इस्तेमाल कर अन्य लोगों को भी निवेश के लिए तैयार किया।
प्राथमिकी में विलियम जैकब, सुष्मिता सोरेन और रीता पर भी आरोपितों का साथ देने का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि इन लोगों ने प्रोफेसर के नाम का सहारा लेकर कई आदिवासी लोगों को निवेश के जाल में फंसाया और कंपनी के दस्तावेज दिखाकर उनसे पैसे जमा करवाए।
13 अगस्त को बंद हो गया ऑनलाइन प्लेटफार्म
शिकायत के अनुसार, 13 अगस्त को कंपनी का ऑनलाइन प्लेटफार्म अचानक बंद हो गया। इसके बाद विनोद कुमार सिंह ने अपना मोबाइल फोन भी बंद कर दिया और फरार हो गया। कंपनी बंद होने के बाद खुद को पत्रकार बताने वाले विलियम जैकब ने वाट्सऐप पर ‘रा पब्लिक’ नाम से एक ग्रुप बनाया, जिसमें 32 सदस्यों को जोड़ा गया। प्रोफेसर का आरोप है कि विलियम जैकब ने ग्रुप में उन्हें कंपनी की निदेशक और सुमित नायक को सिस्टम ऑपरेटर बताते हुए निवेशकों का पैसा लेने और जमा नहीं करने का आरोप लगाया। जबकि प्रोफेसर और सुमित नायक दोनों खुद को इस मामले में पीड़ित बता रहे हैं।
झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर 60 लाख मांगने का आरोप
प्रोफेसर ने आरोप लगाया है कि कंपनी के बंद होने के बाद उन्हें और उनके परिचितों को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही है। शिकायत के अनुसार, आरोपितों ने ब्लैकमेल करते हुए 60 लाख रुपये की मांग भी की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का बयान
विश्वविद्यालय ओपी थाना प्रभारी बाजो रजक ने बताया कि पीड़िता के बयान पर सात लोगों के खिलाफ ठगी और ब्लैकमेलिंग का मामला दर्ज किया गया है। मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद आरोपितों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Read Also: Dumka Accident: चलती कार का टायर ब्लास्ट,दुमका में एक ही परिवार के 4 घायल, एयरबैग ने बचाई जान

