Jamshedpur : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र में खरकाई रोड के पास स्थित बाउंड्री वॉल के भीतर झाड़ियों में जुगसलाई के युवक सोहेल अली की लाश मिली थी। हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। यह घटना 4 जनवरी की शाम की है, जब सोहेल अली की निर्मम हत्या कर शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया था।
इस घटना में पुलिस ने बिरसानगर जोन नंबर छह के रहने वाले रिषी दलाई, यहीं के रहने वाले जसबीर सिंह उर्फ जस्सू और लवप्रीत सिंह गिल को गिरफ्तार कर लिया है। घटना का मास्टर माइंड फरार बताया जा रहा है। रिषी दलाई का आपराधिक इतिहास है। उस पर बिष्टुपुर और गोलमुरी थानों में दो केस हैं। घटना का मास्टर माइंड विनीत सिंह है। वह टेल्को के सी रोड का रहने वाला है। विनीत सिंह फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। बताते हैं कि विनीत सिंह ने ही सोहेल को फोन कर ब्राउन शुगर पार्टी की थी। सोहेल के साथी अब्दुल ने भी बताया था कि जब सोहेल पन्नी पर ब्राउन रख कर विनीत की तरफ बढ़ा रहा था तो उस पर विनीत ने चापड़ से कई वार कर दिए थे।
एसएसपी के निर्देश पर सिटी एसपी की देखरेख में सिटी डीएसपी के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया है।पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपी एक-दूसरे को पहले से जानते थे और साथ में मादक पदार्थों का सेवन करते थे। कुछ दिन पूर्व मृतक का मोबाइल फोन गुम हो गया था, जिसे लेकर उसे शक था कि आरोपियों ने ही चोरी किया है। इसी बात को लेकर मृतक ने आरोपियों के साथ मारपीट की थी और बाद में गाली-गलौज व धमकी भी दी थी।
इसी रंजिश का बदला लेने के लिए आरोपियों ने साजिश रचकर सोहेल अली को टेल्को क्षेत्र के खड़काई रोड के पास बुलाया और धारदार हथियारों से हत्या कर दी।पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार, खून लगे कपड़े, घटनास्थल की मिट्टी और एक मोबाइल फोन समेत कई अहम साक्ष्य जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

