
Seraikela : दक्षिण पूर्वी रेलवे की कोयला लदी मालगाड़ी में सोमवार रात करीब 8:30 बजे कांड्रा के पास अचानक आग लग गई। मालगाड़ी सरडीहा से आसनसोल जा रही थी। आग की जानकारी मिलते ही चालक ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेन को चांडिल जंक्शन के ट्रैक नंबर-1 पर रोक दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
ट्रेन के चांडिल पहुंचते ही स्टेशन मास्टर ने तत्काल चांडिल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद कोयले में लगी आग पर काबू पा लिया। दमकल कर्मियों ने पानी का छिड़काव कर आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोक दिया।
आग की खबर से चांडिल स्टेशन पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। रेलवे कर्मचारी स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे रहे। आग बुझने के बाद मालगाड़ी को आगे रवाना कर दिया गया और करीब एक घंटे बाद ट्रेनों का परिचालन सामान्य हो गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच की जा रही है। चालक की सतर्कता और फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से बड़ा नुकसान टल गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।


