
Koderma : जिले की तिलैया पुलिस ने बैंक लूट की एक बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए बिहार के चार संदिग्ध अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तिलैया थाना क्षेत्र के इंदरवा बस्ती स्थित एक किराए के मकान में छापेमारी कर कार्रवाई की। इस दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में प्रिंस पांडेय उर्फ बाबा के पैर में गोली लगी।
पुलिस के अनुसार, कोडरमा एसपी कुमार शिवाशीष को सूचना मिली थी कि बिहार से आए कुछ अपराधी इंदरवा बस्ती में किराए के मकान में रह रहे हैं और किसी बैंक को निशाना बनाने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
सोमवार देर रात पुलिस टीम ने करीब तीन घंटे तक अभियान चलाकर संदिग्ध मकान की घेराबंदी की। पुलिस के पहुंचते ही अंदर मौजूद अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी और मौके से भागने का प्रयास किया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उन्हें घेर लिया। इसी दौरान प्रिंस पांडेय उर्फ बाबा के पैर में गोली लगी।
पुलिस ने प्रिंस के अलावा उसके तीन साथियों सन्नी, अतुल और अमन को भी गिरफ्तार कर लिया। घायल प्रिंस को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, पुलिस टीम की कार्रवाई के दौरान बचाव करते समय तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार के पैर में भी चोट आई है।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर बैंक लूट की साजिश और उनके अन्य आपराधिक कनेक्शन की जानकारी जुटा रही है।
Read Also: Lohardaga News : लोहरदगा में नाबालिग लड़की से दो युवकों ने किया दुष्कर्म, आरोपी फरार

