Home » Jamshedpur News : मुसाबनी कस्तूरबा विद्यालय में छात्रा की मौत से हंगामा, वार्डन के निलंबन की मांग; DEO ने शुरू कराई जांच

Jamshedpur News : मुसाबनी कस्तूरबा विद्यालय में छात्रा की मौत से हंगामा, वार्डन के निलंबन की मांग; DEO ने शुरू कराई जांच

परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन और वार्डन संगीता पांडेय पर छात्रा की तबीयत खराब होने के बावजूद समय पर इलाज नहीं कराने और परिवार को देर से सूचना देने का आरोप लगाया।

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम के मुसाबनी प्रखंड स्थित सूरदा क्रॉसिंग कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की कक्षा छह की 12 वर्षीय छात्रा कुमकुम गोप की मंगलवार को जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। छात्रा की मौत की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। परिजन शव को एंबुलेंस से विद्यालय परिसर में लेकर पहुंचे और मुख्य गेट के सामने रखकर विरोध-प्रदर्शन किया।

परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन और वार्डन संगीता पांडेय पर छात्रा की तबीयत खराब होने के बावजूद समय पर इलाज नहीं कराने और परिवार को देर से सूचना देने का आरोप लगाया।

परिजनों के अनुसार, इसी शैक्षणिक सत्र में कुमकुम का कक्षा छह में नामांकन हुआ था। वह विद्यालय के छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रही थी। पिछले कुछ दिनों से उसकी तबीयत खराब थी। 30 सितंबर को हालत बिगड़ने के बाद विद्यालय की ओर से परिजनों को सूचना दी गई। जब परिजन विद्यालय पहुंचे तो बच्ची की हालत काफी खराब थी और वह ठीक से खड़ी भी नहीं हो पा रही थी।

इसके बाद उसे मुसाबनी में प्राथमिक उपचार कराया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर घाटशिला के स्वर्णरेखा नर्सिंग होम ले जाया गया। वहां से उसे जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, छात्रा का क्रिएटिनिन स्तर काफी बढ़ गया था।

वार्डन के खिलाफ कार्रवाई की मांग

छात्रा की मौत के बाद ग्रामीणों ने विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रखंड प्रमुख सह आजसू नेता रामदेव हेम्ब्रम और झामुमो नेता सौरव चक्रवर्ती के नेतृत्व में लोगों ने वार्डन को निलंबित करने और विद्यालय से हटाने की मांग की।

आंदोलनकारियों का आरोप था कि बच्ची की तबीयत खराब होने के बावजूद समय पर चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई। मौत के बाद भी वार्डन के शव को देखने के लिए बाहर नहीं आने को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी रही।

डीईओ ने शुरू कराई विभागीय जांच

मामले की जानकारी मिलने पर पूर्वी सिंहभूम की जिला शिक्षा पदाधिकारी निशु कुमारी ने आंदोलन कर रहे लोगों से फोन पर बात की। जनप्रतिनिधियों और परिजनों ने वार्डन के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की। इसके बाद वार्डन को जिला शिक्षा कार्यालय बुलाया गया।

डीईओ निशु कुमारी ने बताया कि पूरे मामले की जानकारी उपायुक्त को दे दी गई है। वार्डन से स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है और विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। छात्रा की मेडिकल रिपोर्ट और इलाज कर रहे डॉक्टरों से भी जानकारी ली जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Read also – Jamshedpur News : जमशेदपुर में तेज बारिश ने एक बार फिर खोली नगर निकायों की पोल, सैकड़ों घरों में घुसा पानी; तार कंपनी की चारदीवारी गिरी

Related Articles

Leave a Comment