
रांची: रांची जिले के बेड़ो क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। बेड़ो थाना क्षेत्र के जरिया स्थित नायरा पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार कार आगे चल रहे एक बड़े ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह से पिचक गया। इस भीषण दुर्घटना में कार चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बगल की सीट पर बैठा दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।
अचानक अनियंत्रित होकर ट्रेलर में घुसी कार
हादसा सुबह-सुबह उस वक्त हुआ जब कार तेज रफ्तार में सड़क पर आगे चल रहे ट्रेलर के ठीक पीछे चल रही थी। जानकारी के मुताबिक, अचानक कार चालक का वाहन से संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी सीधे चलते हुए ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा समाई। तेज आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल भिजवाया।
झपकी बनी हादसे की वजह!
मामले की जानकारी देते हुए बेड़ो डीएसपी दीपक ने बताया कि दुर्घटना पेट्रोल पंप से ठीक पहले हुई। उन्होंने बताया कि प्राथमिक जांच में ऐसा प्रतीत होता है कि सुबह के वक्त चालक को झपकी आ गई होगी। इसी वजह से उसे आगे चल रहा ट्रेलर समय पर नहीं दिखा और यह बड़ा हादसा हो गया। हालांकि, पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक फरार
दुर्घटना के तुरंत बाद ट्रेलर चालक अपनी गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। अक्सर भोर या सुबह के वक्त तेज रफ्तार और झपकी के कारण राष्ट्रीय व राज्य राजमार्गों पर इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं। यह हादसा एक बार फिर चालकों को सड़क पर सतर्कता और नियंत्रित रफ्तार बनाए रखने की सख्त चेतावनी देता है।
Read Also: Jatra Tana Bhagat: टाना भगत आंदोलन के जननायक को CM ने किया नमन, जल-जंगल-जमीन के संघर्ष को किया याद

