
चक्रधरपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल अंतर्गत हावड़ा-मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर शुक्रवार को एक बड़ा ट्रेन हादसा सामने आया है। सोनुवा और लोटापहाड़ रेलवे स्टेशनों के बीच स्थित गोलमुंडा रेल फाटक के पास चलती ट्रेन से गिरकर एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया।
दुर्घटना में घायल युवक की पहचान पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा थाना क्षेत्र अंतर्गत चुड़दा गांव निवासी बिरेन्द्र सिंह के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बिरेन्द्र रोजी-रोटी की तलाश में जमशेदपुर से ट्रेन में सवार होकर गुजरात के अहमदाबाद जा रहा था। यात्रा के दौरान जैसे ही ट्रेन चक्रधरपुर रेल मंडल के सोनुवा स्थित गोलमुंडा रेलवे फाटक के समीप पहुंची, अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण वह तेज रफ्तार ट्रेन से नीचे ट्रैक के किनारे जा गिरा।ट्रेन से गिरते ही युवक बोगियों से टकराकर दूर जा गिरा, जिससे उसके सिर पर गहरी चोट आई है और उसके हाथ में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है।
हादसे के तुरंत बाद गोलमुंडा रेल फाटक के पास मौजूद स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों की नजर घायल युवक पर पड़ी। ग्रामीणों ने बिना देर किए घटना की सूचना स्थानीय पुलिस और सोनुवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को दी।घटनास्थल पर पहुंची एम्बुलेंस और स्थानीय लोगों की मदद से घायल बिरेन्द्र को तत्काल सोनुवा सीएचसी में भर्ती कराया गया। सोनुवा सीएचसी के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करते हुए रक्तस्राव रोकने का प्रयास किया, लेकिन सिर की गंभीर चोट और बिगड़ती स्थिति को देखते हुए प्राथमिक चिकित्सा के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए तुरंत सदर अस्पताल, चाईबासा रेफर कर दिया गया।
दूसरी ओर हादसे की खबर मिलते ही चक्रधरपुर रेल मंडल की जीआरपी मामले की तफ्तीश में जुट गई है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि युवक ट्रेन के दरवाजे पर खड़ा था या फिर किसी तकनीकी वजह अथवा अन्य कारण से उसका संतुलन बिगड़ा। फिलहाल युवक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और चाईबासा सदर अस्पताल में उसका इलाज जारी है।

