
Jamshedpur : नीलडीह ग्वाला बस्ती स्थित रामाधीन बागान के पास सोमवार की दोपहर बाइक सवार तीन बदमाशों ने न्यूवोको सीमेंट प्लांट के एक कर्मचारी के गले में चापड़ सटाकर 13 हजार रुपये लूट लिए। वारदात के बाद तीनों आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गए। पीड़ित हरमीत सिंह के अनुसार, वह न्यूवोको सीमेंट प्लांट में काम करते हैं। सोमवार दोपहर करीब 2:45 बजे वह ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन युवक उनके पास पहुंचे और पेट्रोल के लिए 20 रुपये मांगने लगे।
हरमीत के रुकते ही एक बदमाश ने चापड़ निकालकर उनकी गर्दन पर सटा दिया। इसके बाद आरोपियों ने उनकी जेब से 13 हजार रुपये निकाल लिए। इसी दौरान एक अन्य बदमाश ने उनके गले से चांदी की चेन छीनने की भी कोशिश की। हरमीत ने बताया कि उन्होंने बदमाशों का विरोध करते हुए उन्हें पकड़ने का प्रयास किया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचने लगे। लोगों को आता देख तीनों आरोपी बाइक से फरार हो गए।
पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों में एक युवक ने कैप पहन रखी थी, जबकि दो अन्य सफेद टी-शर्ट और काली पैंट पहने हुए थे। जिस बाइक से तीनों आए थे, उस पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी। हरमीत सिंह शिकायत लेकर गोलमुरी थाना पहुंचे, जहां उन्हें घटना टेल्को थाना क्षेत्र में होने की बात कहते हुए वहां रिपोर्ट दर्ज कराने को कहा गया। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी और लूटे गए रुपये बरामद करने की मांग की है।
Read Also: Jamshedpur News : सिदगोड़ा की शराब दुकान में बड़ी चोरी, 70 हजार नकद और शराब की पेटियां ले गए चोर

