
Jamshedpur : झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिला मुख्यालय जमशेदपुर में सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के जाहेरटोला स्थित अंग्रेजी शराब दुकान में चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश दुकान का ताला तोड़कर कैश काउंटर में रखे करीब 70 हजार रुपये नकद और शराब की कई पेटियां लेकर फरार हो गए। चोर जाते-जाते दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी उखाड़कर अपने साथ ले गए, जिससे पुलिस के लिए आरोपियों तक पहुंचना चुनौती बन गया है।
गौरतलब है कि 14 अगस्त को रात करीब 11 बजे दुकान के मैनेजर अरविंद सिंह और कर्मचारी दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। 15 अगस्त को दुकान बंद रही। 16 अगस्त की सुबह कर्मचारी जब दुकान खोलने पहुंचे तो पीछे की तरफ लगा टीन कटा हुआ मिला। अंदर जाने पर दुकान का सामान बिखरा पड़ा था और कैश काउंटर टूटा हुआ था।
जांच के दौरान काउंटर में रखे करीब 70 हजार रुपये गायब मिले। इसके अलावा दुकान से शराब की कई पेटियां भी गायब थीं। चोरी गई शराब की कुल कीमत फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। दुकान प्रबंधन द्वारा स्टॉक का मिलान किया जा रहा है। स्टॉक जांच पूरी होने के बाद ही शराब की चोरी की वास्तविक कीमत सामने आने की उम्मीद है।
घटना की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि चोर दुकान के पीछे की तरफ से अंदर दाखिल हुए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद उन्होंने सीसीटीवी का डीवीआर भी निकाल लिया, ताकि उनकी गतिविधियों का रिकॉर्ड पुलिस के हाथ न लगे।
पुलिस अब आसपास के क्षेत्रों में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही संदिग्ध लोगों की गतिविधियों और घटना के समय इलाके में मौजूद लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।


