Home » Chaibasa News : अवैध बालू लदी ट्रॉली छोड़कर ट्रैक्टर इंजन समेत फरार हुआ चालक

Chaibasa News : अवैध बालू लदी ट्रॉली छोड़कर ट्रैक्टर इंजन समेत फरार हुआ चालक

by Rajeshwar Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले की सोनुवा पुलिस ने अवैध बालू के काले कारोबार पर नकेल कसते हुए एक लावारिस बालू लदी ट्रॉली को जब्त किया है। शनिवार तड़के हुई इस कार्रवाई में पुलिस गश्ती दल को देखकर ट्रैक्टर चालक चालाकी दिखाते हुए इंजन सहित मौके से फरार हो गया, जबकि बालू भरी ट्रॉली को सड़क पर ही छोड़ दिया।

NH-320D पर बेगुना के पास हुई कार्रवाई

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोनुवा थाना पुलिस शनिवार सुबह चक्रधरपुर-राउरकेला मुख्य मार्ग एनएच-320डी पर गश्त पर थी। इसी दौरान बेगुना गांव के समीप सड़क किनारे एक संदिग्ध ट्रॉली खड़ी पाई गई। जांच करने पर ट्रॉली में भारी मात्रा में अवैध रूप से उठाया गया बालू लदा मिला। गश्ती दल को आते देख चालक पुलिस से बचने के लिए आनन-फानन में ट्रॉली को इंजन से अलग कर इंजन लेकर भागने में सफल रहा।

खनन विभाग को दी गई सूचना

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बालू से लदी ट्रॉली को अपने कब्जे में लिया और सोनुवा थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा करवा दिया है। मामले की आधिकारिक जानकारी जिला खनन विभाग को भेज दी गई है। खनन कार्यालय से विस्तृत रिपोर्ट प्राप्त होते ही संबंधित वाहन मालिक और चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी।

कारो नदी के अवैध घाटों से हो रहा खनन

राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के सख्त निर्देशों और पुलिस की लगातार छापेमारी के बाद भी क्षेत्र में अवैध खनन का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मनोहरपुर ,गोइलकेरा और गुदड़ी इलाके में प्रवाहित होने वाली कारो नदी के विभिन्न अवैध घाटों से रोजाना दर्जनों ट्रैक्टरों के जरिए बालू का अवैध उठाव किया जा रहा है, जिसे चक्रधरपुर और कराईकेला समेत आसपास के क्षेत्रों में खपाया जाता है।

फिलहाल सोनुवा पुलिस भागे हुए ट्रैक्टर इंजन और उसके चालक की सरगर्मी से तलाश कर रही है। साथ ही इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य सफेदपोशों और माफियाओं की पहचान में जुट गई है।

Read Also Chaibasa News : रिक्त मानकी-मुंडा पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाएं, आपदा पीड़ितों को शीघ्र मिले मुआवजा राशि : उपायुक्त

Related Articles