
Jamshedpur : इंटरनेशनल ह्यूमन राइट्स डेवलपमेंट फाउंडेशन की ओर से पूर्वी सिंहभूम जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों के बीच पठन-पाठन सामग्री का वितरण किया जाएगा। साथ ही ग्रामीणों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की जानकारी देने तथा नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस संबंध में फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने पूर्वी सिंहभूम के उप विकास आयुक्त को पत्र देकर कार्यक्रम में सहयोग का अनुरोध किया है। पत्र में कहा गया है कि जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में कई बच्चों को पठन-पाठन सामग्री उपलब्ध नहीं हो पाती है। ऐसे बच्चों के बीच आवश्यक सामग्री वितरित करने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही विभिन्न स्थानों पर सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों और नशे के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
फाउंडेशन के जिला उपाध्यक्ष प्रवीन कुमार, प्रदेश अध्यक्ष गुलजार सिंह और जिला चेयरमैन प्रमोद तिवारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी के अभाव में दुर्घटनाएं होती हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है। संगठन ने प्रशासन से कार्यक्रम में आवश्यक सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया है।

