
Jamshedpur : यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे परिसरों में चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत RPF और जीआरपी की संयुक्त टीम ने टाटानगर रेलवे स्टेशन से एक मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के पास से चोरी किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अश्वनी कुमार शर्मा (34), निवासी जमुना, देवरिया के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, आरोपी ने 4 सितंबर 2026 को टाटानगर रेलवे स्टेशन के टिकट घर परिसर से यात्री सतबीर कुमार का मोबाइल फोन चोरी कर लिया था।
CCTV फुटेज से हुई संदिग्ध की पहचान
घटना की सूचना मिलने के बाद आरपीएफ टाटा और जीआरपी टाटा की संयुक्त टीम ने स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच शुरू की। फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान की गई। इसके बाद टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को टाटानगर स्टेशन परिसर से पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी किया गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी को बरामद मोबाइल के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना टाटानगर के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में रेल पुलिस आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।
आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई
यह कार्रवाई मंडल सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ चक्रधरपुर मंडल और रेल पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर के मार्गदर्शन में की गई। अभियान का नेतृत्व आरपीएफ एएसआई बलबीर प्रसाद ने किया। कार्रवाई में F टाटा और जीआरपी टाटा के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अपील की है कि स्टेशन और ट्रेन में अपने मोबाइल, सामान तथा अन्य कीमती वस्तुओं की विशेष निगरानी रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल आरपीएफ या रेल पुलिस को दें।

