
Jamshedpur : छोटा गोविंदपुर स्थित विवेक विद्यालय में शिक्षक दिवस श्रद्धा, सम्मान एवं कृतज्ञता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम भारत के महान दार्शनिक, शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया। इस दौरान शिक्षकों के योगदान और उनके प्रति सम्मान को व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य अवधेश सिंह सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इस अवसर पर उनके शिक्षा संबंधी विचारों एवं आदर्शों को स्मरण करते हुए विद्यार्थियों के ज्ञान, संस्कार और चरित्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका को रेखांकित किया गया।
प्राचार्य अवधेश सिंह ने शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान प्रदान करने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा देने वाला मार्गदर्शक होता है। उन्होंने कहा कि शिक्षण केवल पेशा नहीं, बल्कि एक महान जिम्मेदारी है। शिक्षक विद्यार्थियों में जिज्ञासा, आत्मविश्वास, संवेदनशीलता और अच्छे संस्कार विकसित कर उनके व्यक्तित्व को आकार देते हैं।
उन्होंने शिक्षकों से समर्पण, सकारात्मक सोच और निरंतर नवाचार के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का प्रयास विद्यार्थियों को केवल शिक्षित करने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उन्हें जिम्मेदार, संवेदनशील और सक्षम नागरिक बनाने की दिशा में भी होना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने शिक्षा, अनुशासन, ईमानदारी एवं उत्कृष्टता के मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर शिक्षकों के निस्वार्थ समर्पण और राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

