
Seraikela : सरायकेला-खरसावां जिले के आरआइटी थाना क्षेत्र स्थित आसंगी चेक डैम में रविवार को दोपहर बाद नहाने के दौरान दो युवक गहरे पानी में डूब गए। घटना करीब साढ़े तीन बजे की बतायी जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश शुरू करायी, लेकिन देर शाम तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका।
आरआइटी थाना प्रभारी रविकांत पराशर के अनुसार, धोबोडुंगरी (बंतानगर) निवासी 18 वर्षीय सोनू लोहार और मीरूडीह निवासी शुभम शर्मा बाइक से आसंगी चेक डैम पहुंचे थे। दोनों नदी में नहाने के लिए उतरे थे। इसी दौरान तेज बहाव के कारण वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए। बताया गया कि शुभम शर्मा पहले बाबा आश्रम में रहता था।
पुलिस के अनुसार, इन दिनों खरकई नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है और बहाव भी तेज है। अंधेरा होने के कारण रविवार रात तलाशी अभियान रोक दिया गया। सोमवार सुबह स्थानीय गोताखोरों के साथ एनडीआरएफ की टीम की मदद से दोनों युवकों की तलाश दोबारा शुरू की जाएगी। घटना के बाद से परिजनों में चिंता और मायूसी का माहौल।

