
Jamshedpur : मद्धेशिया वैश्य समाज के कुलगुरु बाबा गणिनाथ गोविन्द जी महाराज की 53वां जयंती समारोह का आयोजन गोलमुरी के गणिनाथ सेवा संस्थान की ओर से हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ किया गया। समारोह में समाज के करीब 10 हजार स्वजातीय बंधुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत संस्था के अध्यक्ष सुंदर गुप्ता के स्वागत भाषण से हुई। समारोह में संस्था के सम्मानित संरक्षक, आजीवन सदस्य, युवा मंच के युवा साथी, महिला सदस्य सहित समाज के बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
समारोह में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, मानगो की मेयर सुधा गुप्ता तथा पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर गणिनाथ सेवा संस्थान की ओर से समाज के होनहार बच्चों को प्रतिभा सम्मान पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में सफल प्रतिभागियों को मोमेंटो प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। समारोह के दौरान समाज के बच्चों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
आयोजकों ने कहा कि बाबा गणिनाथ गोविन्द जी महाराज की जयंती समाज के लोगों को अपनी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकजुटता से जोड़ने का अवसर प्रदान करती है। समारोह में समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ युवा एवं महिला सहभागिता को भी विशेष महत्व दिया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए गणिनाथ सेवा संस्थान ने सभी स्वजातीय बंधुओं, सम्मानित अतिथियों, प्रेस बंधुओं, संरक्षकों, कर्मठ कार्यकर्ताओं, युवा साथियों एवं महिलाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। संस्था ने कहा कि सभी के सहयोग और सक्रिय सहभागिता से समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।

