
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुवा प्रखंड के बालजोड़ी पंचायत अंतर्गत नुवागांव में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। मूसलाधार बारिश के कारण गांव के 6 घरों की स्थिति बेहद खराब हो गई है। कई घरों की दीवारें टूट कर गिर गई हैं, जिससे प्रभावित परिवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कच्चे मकानों में रह रहे लोग खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।
मामले की जानकारी मिलते ही चक्रधरपुर जिलाध्यक्ष गुरुचरण नायक मंगलवार को नुवागांव पहुंचे। उन्होंने मौके पर बारिश से क्षतिग्रस्त घरों का निरीक्षण किया और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना।
प्रभावित परिवारों को उचित सहायता व समाधान का दिलाया भरोसा
इस दौरान गुरुचरण नायक ने ग्रामीणों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस गंभीर समस्या को लेकर वे जल्द ही सोनुवा के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) से मिलेंगे और प्रभावित परिवारों को उचित सहायता व समाधान दिलाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ग्रामीणों की समस्या को प्रशासन के समक्ष गंभीरता से रखा जाएगा।
प्रशासन से जल्द से जल्द राहत सहायता उपलब्ध कराने की मांग
मौके पर सोनुवा प्रखंड अध्यक्ष निशांत कुमार महतो भी मौजूद रहे। उन्होंने भी प्रभावित परिवारों की स्थिति पर चिंता जताई और प्रशासन से जल्द से जल्द राहत सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
Read Also Chaibasa News : अवैध हथियार व चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ाए आरोपी को तीन साल की सजा

