
Jamshedpur : मानगो में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई की है। मानगो थाना पुलिस ने जवाहरनगर रोड नंबर-14 स्थित फॉरेस्ट एरिया में छापेमारी कर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से कुल 64 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई है, जिसका वजन 4.93 ग्राम बताया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 530 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
सिटी एसपी ललित मीणा ने सोमवार को बताया कि 1 नवंबर की शाम वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि जवाहरनगर रोड नंबर-14 के फॉरेस्ट एरिया में ब्राउन शुगर की अवैध खरीद-बिक्री हो रही है। सूचना मिलने के बाद नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। सहायक पुलिस अधीक्षक (गु.-1) के नेतृत्व में मानगो थाना पुलिस और सशस्त्र बल ने इलाके में पहुंचकर घेराबंदी की।
रात करीब आठ बजे पुलिस ने एक शेड के पास छापेमारी की। वहां दो युवक संदिग्ध हालत में खड़े मिले। पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे, लेकिन जवानों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।
गिरफ्तार युवकों में मनमीत सिंह (20) और आनंद राज विद्यार्थी उर्फ जोटी (24) हैं। मनमीत खानकाह, कुँवर सिंह रोड, ओलीडीह का और आनंद राज विद्यार्थी उर्फ जोटी आदर्श नगर रोड नंबर-4, डिमना रोड, ओलीडीह का निवासी है।
दंडाधिकारी की मौजूदगी में तलाशी लेने पर मनमीत सिंह के पास से ब्राउन शुगर की 36 पुड़िया और 310 रुपये मिले। वहीं, आनंद राज विद्यार्थी के पास से 28 पुड़िया ब्राउन शुगर और 220 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने कुल 64 पुड़िया और 530 रुपये जब्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में मानगो थाना में कांड संख्या 224/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 111(4) और एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

