
चाईबासा : स्वदेशी जागरण मंच, चाईबासा की ओर से स्वदेशी अपनाओ, देश बचाओ अभियान के तहत पोस्ट ऑफिस चौक पर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने चीनी सामान और बहुराष्ट्रीय कंपनियों के उत्पादों के बहिष्कार की अपील की। साथ ही अमेजॉन और फ्लिपकार्ट जैसी ऑनलाइन खरीदारी करने वाली कंपनियों का बहिष्कार कर स्थानीय दुकानदारों से सामान खरीदने का आह्वान किया।
मौके पर श्यामल दास ने कहा कि हमारे आसपास के स्थानीय दुकानदार ही हमारे साथी हैं। अमेजॉन और फ्लिपकार्ट के बजाय स्थानीय बाजार से खरीदारी करने की आदत डालनी चाहिए। इससे स्थानीय दुकानदारों और छोटे व्यापारियों को आर्थिक मजबूती मिलेगी। उन्होंने लोगों से स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता देने और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में योगदान देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि दीपावली के अवसर पर चीनी सजावटी सामान का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए। इसके बजाय मिट्टी से बने दीयों का अधिक से अधिक उपयोग करना चाहिए। इससे स्थानीय कुम्हारों और हस्तशिल्प से जुड़े लोगों को रोजगार मिलेगा तथा पारंपरिक कला और संस्कृति को भी बढ़ावा मिलेगा।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने स्वदेशी उत्पादों को अपनाने, विदेशी वस्तुओं पर निर्भरता कम करने और स्थानीय बाजार को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से दैनिक जीवन में स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता देने की अपील की।
ये लोग रहे उपस्थित
विरोध प्रदर्शन कार्यक्रम में रामवतार राम, रवि, जय किशन बिरूली, रितेश कुमार, पिंटू गौचंद, मुखी, दुर्योधन पान, बलराम प्रजापति, जीवन प्रजापति, गुलशन बिरूवा, सोमनाथ गागराई, प्रद्युम्न महतो, मदन मोहन दास, शंकर ठाकुर, विजय गुप्ता, मंजीत बर्मा, विनीत गुप्ता, संजीव कुमार, गुरु चरण ठाकुर, रंजीत यादव और रमाकांत यादव सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

