
Jamshedpur : एमबीएनएस इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग में सोमवार को प्रथम वर्ष बीएससी नर्सिंग बैच-2026 के नए विद्यार्थियों के स्वागत के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। संस्थान के मल्टीपर्पज हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के साथ उनके अभिभावक, शिक्षक और संस्थान के कर्मचारी शामिल हुए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एमबीएनएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन विवेक सिंह मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नर्सिंग सिर्फ रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि मानव सेवा और समर्पण से जुड़ा एक महत्वपूर्ण पेशा है। इस क्षेत्र में सफलता हासिल करने के लिए पढ़ाई के साथ अनुशासन, संवेदनशीलता और सेवाभाव भी जरूरी है।
उन्होंने विद्यार्थियों को पूरी लगन के साथ शिक्षा प्राप्त करने की सलाह देते हुए कहा कि संस्थान उनके शैक्षणिक और व्यक्तिगत विकास के लिए हरसंभव सहयोग करेगा। संस्थान का उद्देश्य केवल डिग्री देना नहीं, बल्कि ऐसे कुशल और जिम्मेदार स्वास्थ्यकर्मी तैयार करना है, जो समाज की सेवा कर सकें।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई। इसके बाद प्राचार्य और वरिष्ठ शिक्षकों ने नए विद्यार्थियों को संस्थान की शैक्षणिक व्यवस्था, पाठ्यक्रम, प्रयोगशाला, पुस्तकालय और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। उन्हें संस्थान के नियमों, अनुशासन और नर्सिंग के क्षेत्र में भविष्य की संभावनाओं से भी परिचित कराया गया।
इस दौरान वरिष्ठ विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए। वहीं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और संवाद सत्रों ने कार्यक्रम को आकर्षक बनाया। इससे नए विद्यार्थियों को संस्थान के माहौल को समझने और एक-दूसरे से परिचित होने का अवसर मिला।
कार्यक्रम में संस्थान के प्रबंधन, फैकल्टी और कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ आयोजन का समापन हुआ।

