
Koderma : कोडरमा सदर अस्पताल में सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया। एक्सरे कराने पहुंची एक महिला के ऊपर कमरे का जर्जर दरवाजा टूटकर गिर पड़ा। हादसे में महिला के सिर में गंभीर चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। वहीं, इस घटना में दो अन्य महिलाओं के भी घायल होने की सूचना है।
गौरतलब है कि सतगावां निवासी जवाहर प्रसाद यादव की पत्नी अलवा देवी इलाज कराने कोडरमा सदर अस्पताल पहुंची थीं। इसी दौरान वह एक्सरे कराने के लिए अस्पताल के एक्सरे कक्ष में गईं। तभी अचानक कमरे का दरवाजा टूटकर उनके ऊपर गिर गया। दरवाजे की चपेट में आने से उनके सिर में गंभीर चोट लगी। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल कर्मियों की मदद से घायल महिला को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया।
जर्जर भवन ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
इस हादसे ने कोडरमा सदर अस्पताल के भवन की स्थिति और मरीजों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अस्पताल भवन के कई हिस्से लंबे समय से जर्जर बताए जा रहे हैं। ऐसे में इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा खतरे में है। स्थानीय स्तर पर अस्पताल भवन की मरम्मत और जर्जर हिस्सों की समय रहते देखरेख की जरूरत महसूस की जा रही है। यदि व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। बताया जा रहा है कि सदर अस्पताल की जर्जर हालत के बारे में कई बार प्रशासनिक अधिकारियों से भी शिकायत की गई है। मगर, कोई ध्यान नहीं दे रहा है। कोडरमा निवासी राजेश कुमार सदर अस्पताल में इलाज के लिए आए हैं। उनका कहना है कि इन दिनों प्रशासनिक अधिकारियों का काम काज करने का तरीका बदल गया है। अधिकारी उसी मामले में दिलचस्पी लेते हैं जिसमें कुछ फायदे का सौदा होता है।
Read also Jamshedpur Accident : गोलमुरी में डिवाइडर से टकराई अनियंत्रित कार, युवक की मौत के बाद पसरा मातम

