
Jamshedpur : मानगो के मदरसा जियाईया दारुल किरात की ओर से 4 नवंबर बुधवार को 26वें उर्स मुजव्विद-ए-आजम-ए-हिंद के मौके पर जलसा-ए-दस्तारबंदी और ऑल इंडिया जियाई तजवीद व किरात सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से इस्लामी विद्वान, उलेमा और किरात के जानकार शामिल होंगे। समारोह के दौरान मदरसे से शिक्षा पूरी करने वाले 10 हाफिज और कारी की दस्तारबंदी भी की जाएगी।
मदरसे के संस्थापक कारी मोहम्मद असलम रब्बानी जियाई ने सोमवार को संवाददाता सम्मेलन में बताया कि मुख्य सेमिनार सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक मानगो के चेपा पुल स्थित होटल द महल इन में होगा।
कार्यक्रम की शुरुआत कारी सदाकत हुसैन अजहरी की तिलावत-ए-कुरआन से होगी। इसके बाद कोलकाता के कारी सरफाज उल्फत नात-ए-शरीफ पेश करेंगे। सेमिनार का संचालन कोलकाता के प्रोफेसर सज्जाद आलम मिस्बाही करेंगे।
इस अवसर पर पूर्णिया के मुफ्ती मुतिउर्रहमान रजवी, दिल्ली के मुफ्ती इश्तियाकुल कादरी काजी, लखनऊ के मुफ्ती फैजानुल मुस्तफा, उत्तर प्रदेश के मुफ्ती अजहर अहमद, अशरफिया मुबारकपुर के मौलाना सदरुल वरा, सहसराम के अल्लामा मल्लिकुज्जफर, पटना के डॉ. अमजद रजा अमजद, राउरकेला के मुफ्ती सैयद मुहसिन मियां और कोलकाता के मौलाना रोशन जमीर समेत कई प्रमुख उलेमा अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
सेमिनार के समापन पर मदरसे के 10 हाफिज और कारी की दस्तारबंदी की जाएगी। इसके बाद दोपहर 1:30 बजे ख्वाजा नमाज मस्जिद में जोहर की नमाज अदा की जाएगी। नमाज के बाद मदह-ए-नात और विशेष बयान होगा। दोपहर 2:40 बजे कुल शरीफ, सलात-ओ-सलाम और सामूहिक दुआ के बाद लंगर का वितरण किया जाएगा।
संवाददाता सम्मेलन में मदरसे के अध्यक्ष कारी मोहम्मद असलम रब्बानी जियाई, आजादनगर थाना शांति समिति के सचिव मुख्तार आलम, सचिव सुहैल खान, मुफ्ती शफाअत नूरी मिस्बाही, कारी अमजद जियाई, कारी मोहम्मद सगीर अहमद, कारी रियाज, कारी इस्माइल, कारी कमर रजा और कारी मोहम्मद शौकत जियाई समेत अन्य लोग मौजूद थे।

